Vedant Samachar

BREAKING NEWS : 15 दिन से लापता छात्र की मिली लाश बंद स्कूल के कमरे में छत-विक्षत मिला शव…

Vedant Samachar
3 Min Read

बिलासपुर,14अगस्त (वेदांत समाचार) : छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में पिछले 15 दिनों से लापता छात्र की लाश बंद स्कूल में मिली है। मासूम का शव क्षत-विक्षत हालत में पड़ा था। उसकी हत्या के बाद शव को बंद स्कूल में छिपाने की आशंका है। बच्चे के गायब होने के बाद से उसके परिजन परेशान थे और उसकी तलाश के लिए एसपी दफ्तर और थाने का चक्कर काट रहे थे। पूरा मामला रतनपुर थाना क्षेत्र का है। दरअसल, ग्राम भरारी निवासी 13 वर्षीय चिनमय सूर्यवंशी स्कूली छात्र था। बीते 31 जुलाई की शाम करीब 4.30 बजे अपने घर से निकला था, जिसके बाद घर नहीं लौटा। इससे परेशान उनके परिजन आसपास और रिश्तेदारों के यहां तलाश करते रहे। साथ ही थाने में भी बच्चे के गायब होने की जानकारी दी।

परिजनों को थी अनहोनी की आशंका : मासूम चिन्मय के परिवार को शुरू से शक था कि कोई अज्ञात व्यक्ति उसे बहला कर अपहरण कर ले गया है। जिसके चलते वो अपने मासूम बेटे की तलाश के लिए लगातार थाने और एसपी ऑफिस का चक्कर काट रहे थे।

निराश परिजनों ने घोषित किया था एक लाख का इनाम : तमाम खोजबीन के बावजूद मासूम चिन्मय का कुछ पता नहीं चला। इससे हताश और निराश होकर परिजनों ने उसके सुरक्षित घर वापसी के लिए आमजन से मदद की अपील की थी। उन्होंने पम्पलेट भी छपवाया और आसपास के गांव में भी चस्पा किया। परिजनों ने चिन्मय की जानकारी देने वाले को एक लाख रुपए इनाम देने की घोषणा भी की थी।

गांव के ही पुराने स्कूल में मिला शव, हत्या की आशंका : गुरुवार को गांव के कुछ लोगों को पुराने स्कूल तरफ से बदबू आई, तब लोग वहां जाकर देखे। इस दौरान मासूम चिन्मय की लाश बंद पड़े स्कूल के कमरे में दिखी। बच्चे की लाश मिलने की जानकारी पुलिस को दी गई। खबर मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई है। टीआई नरेश चौहान ने बताया कि डेड बॉडी पूरी तरह से डिकम्पोज हो गया है। ऐसे में जांच के लिए फोरेंसिक एकस्पर्ट और डॉग स्कवायड को बुलाया गया है। उन्होंने आशंका जताई की बच्चे की हत्या के बाद शव को छिपाया गया है। फिलहाल, पुलिस मामले की जांच कर रही है।

10 माह से बंद है स्कूल : पुलिस की पूछताछ में पता चला है कि करीब 10 माह पहले गांव में नया स्कूल भवन बनकर तैयार हुआ था, जिसके बाद स्कूल की कक्षाएं नए स्कूल में शिफ्ट कर दिया गया था। वहीं पुराने स्कूल भवन बंद पड़ी थी।

Share This Article