Vedant Samachar

जांजगीर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: सूने घरों का ताला तोड़कर चोरी करने वाले 05 आरोपी गिरफ्तार…

Vedant Samachar
2 Min Read

जांजगीर,14अगस्त (वेदांत समाचार): जांजगीर पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई में सूने घरों का ताला तोड़कर चोरी करने वाले 05 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी किये गये आभूषण, सोना, चांदी के जेवर, सिक्के, नगदी रकम एवं मोबाइल एसेसरीज, 02 नग मोटर साइकल कुल 07 लाख की संपत्ति बरामद की गई है।

आरोपियों की पहचान दुर्गेश नेताम उर्फ मल्लू, रामकुमार कश्यप उर्फ मोना, महावीर कश्यप उर्फ खोदू, आनंद उर्फ प्रभात कश्यप और मंगल पांडे के रूप में हुई है।

पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (आईपीएस) ने बताया कि आरोपियों ने थाना जांजगीर क्षेत्र के ग्राम उदयबंद, बिरगहनी, चौकी नैला क्षेत्र के ग्राम खोखसा, औराईखुर्द तथा थाना बलौदा क्षेत्र के ग्राम करमंदा में चोरी की घटना को अंजाम दिया था।

उन्होंने बताया कि आरोपियों के कब्जे से चोरी किये गये आभूषण, सोना, चांदी के जेवर, सिक्के, नगदी रकम एवं मोबाइल एसेसरीज, 02 नग मोटर साइकल कुल 07 लाख की संपत्ति बरामद की गई है। इसके अलावा, आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त 02 मोटर साइकल, एयर पिस्टल, चाकू एवं दरवाजा ताला तोड़ने का औजार भी बरामद किया गया है।

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि आरोपियों को जिले के कुल 07 प्रकरण में गिरफ्तार किया गया है, जिनका गैंग हिस्ट्री सीट तैयार किया जा रहा है। आरोपियों के विरुद्ध धारा 331 (4), 305 (ए) बीएनएस के तहत कार्यवाही कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

उन्होंने बताया कि आरोपी दुर्गेश नेताम उर्फ मल्लू को पूर्व में भी चोरी, लूट के मामले में गिरफ्तार किया जा चुका है।

इस कार्रवाई में सायबर निरीक्षक सागर पाठक, प्रभारी सायबर सेल, सायबर टीम थाना प्रभारी जांजगीर निरीक्षक मणिकांत पाण्डेय, थाना प्रभारी बलौदा निरीक्षक राजीव श्रीवास्तव, चौकी प्रभारी नैला उप निरी. विनोद जाटवर एवं सायबर टीम से स.उ.नि. विवेक कुमार सिंह, प्र.आर. विवेक सिंह, आर. गिरीश कश्यप, प्रदीप दुबे, रोहित कहरा, शाहबाज अहमद, माखन साहू, श्रीकांत सिंह एव स्टाफ की पुलिस अधीक्षक जांजगीर चाम्पा द्वारा सराहना कर पुरस्कार की घोषणा की गई।

Share This Article