कोरबा, 12 अगस्त 2025 – कलेक्टर अजीत वसंत ने आज समय सीमा की बैठक लेकर विभागीय कामकाजों की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने लंबित प्रकरणों पर शीघ्र कार्यवाही करते हुए प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
रजत जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में आवश्यक तैयारी सुनिश्चित करने के निर्देश
कलेक्टर श्री वसंत ने छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना के रजत जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में आयोजित होने वाले कार्यक्रमों और विभागों को दिए गए निर्देशों के तहत आवश्यक तैयारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने विभागों को जिम्मेदारी के साथ रजत जयंती वर्ष में गतिविधियों के आयोजन के निर्देश दिए।
स्वतंत्रता दिवस की तैयारियों के निर्देश
कलेक्टर ने स्वतंत्रता दिवस के पूर्व सभी नगरीय निकायों, ग्राम पंचायतों में स्थानीय जनप्रतिनिधियों और आम नागरिकों की भागीदारी सुनिश्चित करते हुए तिरंगा यात्रा का आयोजन करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्वतंत्रता दिवस की तैयारियों की जानकारी ली और निर्देशित किया कि जिन विभागों को जो जिम्मेदारी दी गई है वे कार्यक्रम स्थल पर गंभीरता से पालन सुनिश्चित करेंगे।

विभागीय कार्यों में प्रगति लाने के निर्देश
कलेक्टर ने अटल डिजिटल डैशबोर्ड के अंतर्गत कम केपीआई वाले विभागों को महत्वपूर्ण इंडिकेटर्स में प्रगति लाने के निर्देश दिए। उन्होंने श्रम, नगर निगम, समाज कल्याण विभाग, राजस्व विभाग, स्वास्थ्य, कृषि विभाग के अधिकारियों को केपीआई के इंडिकेटर्स को ध्यान रखकर कार्य करने के निर्देश दिए।
अन्य महत्वपूर्ण निर्देश –
- आयुष्मान कार्ड और राशनकार्ड: कलेक्टर ने सर्वे में मृत लोगों की जानकारी सामने आने के बाद आयुष्मान कार्ड, राशनकार्ड के डाटा से मृतक के नाम विलोपित करने के निर्देश दिए।
- आधार अपडेट: उन्होंने पोड़ी उपरोड़ा सहित कटघोरा, पाली और शहरी क्षेत्रों में शिविर लगाकर आधार अपडेट कराने के निर्देश एसडीएम, जनपद सीईओ को दिए। कलेक्टर ने आधार अपडेट में रुचि नहीं लेने पर संबंधित अधिकारियों पर एक सप्ताह के पश्चात कार्रवाई करने की बात कही।
- पीएम आवास निर्माण: कलेक्टर ने पीएम आवास निर्माण में रोजगार सहायकों के विरुद्ध मिल रही शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए जनपद सीईओ को निर्देशित किया कि शिकायत मिलने पर उनके विरुद्ध कड़ी कार्यवाही की जाए।
- राजस्व प्रकरण: उन्होंने राजस्व प्रकरणों में 5 एवं 3 वर्ष से लंबित प्रकरणों का निराकरण और फौती, नामांतरण के प्रकरणों का शिविर लगाकर निराकरण के निर्देश दिए।
बैठक में (प्रशिक्षु आईएएस) एसडीएम कटघोरा तन्मय खन्ना, अभिजीत गुरभेले, अपर कलेक्टर देवेंद्र पटेल सहित सभी एसडीएम, जिला अधिकारी और सार्वजनिक उपक्रमों के प्रतिनिधि उपस्थित थे।



