Vedant Samachar

35 हाथियों का आतंक, वन विभाग की सतर्क निगरानी में झुंड जंगल की ओर मोड़ा गया…

Vedant Samachar
2 Min Read

बलरामपुर,12अगस्त (वेदांत समाचार)। जिले के राजपुर वन परिक्षेत्र में बीते दो दिनों से हाथियों के झुंड ने लोगों की नींद उड़ा दी है। करीब 35 हाथियों का यह बड़ा दल, जिसमें 4 छोटे शावक भी शामिल हैं, जंगल और सडक़ किनारे लगातार घूमते देखा गया। हाथियों की मौजूदगी ने नेशनल हाईवे-343 (हृ॥-343) के आसपास के गांवों और राहगीरों के बीच दहशत का माहौल पैदा कर दिया।

वन विभाग ने जानकारी दी कि हाथियों को राजमार्ग से दूर ले जाने के लिए वनकर्मियों ने लगातार प्रयास किए। हालांकि, झुंड की संख्या और उनका आक्रामक व्यवहार इस कार्य को चुनौतीपूर्ण बना रहा था। कड़ी मशक्कत के बाद विभाग की टीम हाथियों को दुप्पी गांव के जंगल की ओर ले जाने में सफल रही है, जहां फिलहाल पूरा झुंड मौजूद है।

राजपुर वन क्षेत्र के रेंजर महाजन साहू ने बताया कि अब तक किसी भी तरह की जनहानि या संपत्ति को नुकसान पहुंचने की सूचना नहीं है। लेकिन इतने बड़े झुंड की उपस्थिति को देखते हुए इलाके में पूरी सतर्कता बरती जा रही है। उन्होंने स्थानीय ग्रामीणों और राहगीरों से अपील की है कि वे हाथियों के पास न जाएं और उन्हें छेडऩे या उकसाने जैसी कोई भी कोशिश न करें।

साथ ही वन विभाग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें। विभाग की टीम लगातार क्षेत्र की निगरानी कर रही है और लोगों को सुरक्षा के उपायों के प्रति जागरूक कर रही है।

वन विभाग की इस सतर्कता से फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन झुंड की गतिविधियों पर नजर बनाए रखने के निर्देश जारी हैं।

Share This Article