कवर्धा,11अगस्त (वेदांत समाचार)। नगर पालिका अध्यक्ष चंद्रप्रकाश चंद्रवंशी के नेतृत्व में 9 से 14 अगस्त तक चलने वाले ‘कूड़े से आज़ादी’ स्वच्छता श्रमदान अभियान का शुभारंभ हुआ। अभियान के तहत शहर के विभिन्न स्कूलों में छात्रों, शिक्षकों और जनभागीदारी शाला विकास समिति के सदस्यों ने मिलकर परिसर, कक्षाओं, खेल मैदानों और शौचालयों की साफ-सफाई कर स्वच्छता का संदेश दिया।
विद्यार्थियों ने “स्वच्छ भारत, विकसित भारत, स्वच्छ कवर्धा” के नारे लगाए। नगर पालिका अध्यक्ष ने कहा कि यह अभियान सिर्फ एक सप्ताह का कार्यक्रम नहीं, बल्कि दीर्घकालिक संकल्प है, जिसमें हर नागरिक की भागीदारी जरूरी है।
अभियान में नगर पालिका उपाध्यक्ष पवन जयसवाल, शहर मंडल अध्यक्ष सतविंदर पाहुजा, शाला विकास समिति के अध्यक्ष अजय गुप्ता सहित जनप्रतिनिधि, शिक्षक, कॉलेज और स्कूल के छात्र-छात्राएं शामिल हुए।



