Vedant Samachar

गौ विज्ञान परीक्षा के सफल संचालन के लिए जिला शिक्षा अधिकारी से भेंट

Vedant samachar
2 Min Read

कोरबा, 06 अगस्त (वेदांत समाचार)। छत्तीसगढ़ राज्य गौ संवर्धन एवं संरक्षण समिति द्वारा प्रदेश के प्रत्येक जिले में गौ विज्ञान परीक्षा का आयोजन किया जा रहा है। इस परीक्षा के पोस्टर का विमोचन 27 जुलाई को मुख्यमंत्री विष्णुदेव के करकमलों से हुआ था। इसी कड़ी में 5 अगस्त को जिला शिक्षा अधिकारी ताम्रेश्वर उपाध्याय से भेंट की गई और पोस्टर पत्रक सौंपे गए।

गौ विज्ञान परीक्षा का उद्देश्य जनसामान्य में गौवंश के महत्व, पारिस्थितिक तंत्र में उनकी भूमिका, ग्लोबल वार्मिंग की रोकथाम में योगदान तथा पंचगव्य के वैज्ञानिक पक्षों के प्रचार-प्रसार को बढ़ावा देना है। इस परीक्षा में भाग लेने वाले प्रतिभागियों को गौ विज्ञान ग्रंथ और प्रमाण पत्र प्रदान किया जाएगा।

जिला शिक्षा अधिकारी ताम्रेश्वर उपाध्याय ने आश्वस्त किया कि गौ माता के संरक्षण और संवर्धन के लिए चलाए जा रहे इस महान अभियान में सभी स्कूलों से अधिक से अधिक बच्चे भाग लेंगे। उन्होंने कहा कि यह परीक्षा न केवल छात्रों को गौवंश के महत्व के बारे में जानकारी प्रदान करेगी, बल्कि उन्हें पर्यावरण संरक्षण में भी योगदान देने के लिए प्रेरित करेगी।

गौ विज्ञान परीक्षा का आयोजन माध्यमिक, उच्चतर माध्यमिक और महाविद्यालय – इन तीन श्रेणियों में किया जाएगा। इस परीक्षा में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को नकद पुरस्कार और गौ उत्पाद किट प्रदान की जाएगी। जिला स्तरीय परीक्षा में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागी को 3100 रुपये, द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले को 2100 रुपये और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले को 1100 रुपये का नकद पुरस्कार दिया जाएगा।

इस अवसर पर अजय दुबे सनातन संघर्ष समिति जिला कोरबा से, लालिमा जायसवाल प्रांत गौ उत्पाद प्रशिक्षण प्रमुख और गजेंद्र तिवारी गौ विज्ञान परीक्षा प्रभारी उपस्थित थे। उन्होंने जिला शिक्षा अधिकारी के साथ मिलकर गौ विज्ञान परीक्षा के सफल संचालन के लिए चर्चा की और आवश्यक कदम उठाने का निर्णय लिया ।

Share This Article