लंदन02अगस्त। ओवल टेस्ट के दूसरे दिन भारतीय टीम ने दमदार वापसी करते हुए मैच को रोमांचक मोड़ पर ला खड़ा किया है। मोहम्मद सिराज और प्रसिद्ध कृष्ण की कहर बरपाती गेंदबाजी ने इंग्लैंड को बैकफुट पर धकेल दिया। अब तीसरे दिन का पहला सत्र इस मुकाबले की तस्वीर और तकदीर तय करेगा।
52 रनों की बढ़त, जायसवाल पर टिके उम्मीदें
दूसरे दिन का खेल खत्म होने तक भारत ने 2 विकेट पर 75 रन बना लिए हैं और 52 रनों की अहम बढ़त हासिल कर ली है। यशस्वी जायसवाल ने शानदार अर्धशतक जड़ते हुए टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया है। अब अगर तीसरे दिन वो 2 घंटे तक क्रीज पर टिके रहते हैं तो भारत के जीत की उम्मीदें आसमान छू सकती हैं।
सिराज-प्रसिद्ध की ‘बाउंड्री तोड़’ वापसी
इंग्लैंड ने जब ताबड़तोड़ शुरुआत की थी तो ऐसा लग रहा था कि भारत के हाथ से मैच फिसल जाएगा। लेकिन आकाशदीप ने सेंध लगाई और फिर मोहम्मद सिराज और प्रसिद्ध कृष्ण की जोड़ी ने अंग्रेजों के विकेट उड़ा दिए।
16 विकेट गिरे, गेम अभी 50-50!
ओवल के मैदान पर दूसरे दिन कुल 16 विकेट गिरे, जिससे मैच की स्थिति बेहद दिलचस्प हो गई है। फिलहाल मुकाबला 50-50 के समीकरण पर खड़ा है, और तीसरे दिन का पहला सत्र असली ‘टर्निंग प्वाइंट’ साबित हो सकता है।
साई सुदर्शन का फ्लॉप शो
साई सुदर्शन के लिए यह दौरा खास नहीं रहा। दूसरे दिन भी वह खराब गेंद पर आउट हो गए और अब तक छह पारियों में सिर्फ 140 रन बना सके हैं।



