बिलासपुर, 31 जुलाई (वेदांत समाचार)। बिलासपुर यातायात पुलिस ने नागरिक सड़क सुरक्षा समिति और नगर के बुद्धिजीवी नागरिकों के साथ आज एक विशेष विचार गोष्ठी और मीटिंग आयोजित की। इस बैठक का उद्देश्य यातायात नियमों के प्रति आम नागरिकों को संवेदनशील बनाना और उन्हें यातायात नियमों के प्रति जागरूक करना था।
बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात रामगोपाल करियारे ने कहा कि यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने सभी उपस्थित बुद्धिजीवियों से सामाजिक सरोकार की भूमिका में सक्रिय होने हेतु अपील की गई। उन्होंने कहा कि सरल, सुगम और सुव्यवस्थित आवागमन हेतु जन-जन को जागरूक करने विभागीय प्रयास के साथ-साथ जनसहभागिता पर भी जोर दिया जाना आवश्यक है।
बैठक में निर्णय लिया गया कि नगर के प्रत्येक कॉलोनी और क्षेत्र में “यातायात-मुहल्ला जागरूकता कार्यक्रम” आयोजित किया जाएगा। इस कार्यक्रम के माध्यम से शहर के प्रत्येक नागरिक में यातायात नियमों के प्रति संवेदनशीलता, गंभीरता और सजकता लाने का प्रयास किया जाएगा।
बैठक में उपस्थित प्रबुद्ध जनों से अपील की गई कि वे यातायात नियमों के प्रति नागरिकों को जागरूक करने में अपनी भूमिका निभाएं। सभी प्रबुद्ध जनों को जिम्मेदारियां दी गई हैं कि वे अपने क्षेत्र में यातायात जागरूकता कार्यक्रम को जन-जन तक पहुंचाने में सहयोग करें।
बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात रामगोपाल करियारे के अलावा सड़क सुरक्षा समिति के अध्यक्ष श्री अशोक श्रीवास्तव, असीतपाल सिंह, श्रीमती रेखा गुल्ला, राजकुमार सुखवानी और अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे। बैठक में 100 से अधिक प्रबुद्ध नागरिकों ने भाग लिया और यातायात नियमों के प्रति जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया।



