बिलासपुर, 30 जुलाई (वेदांत समाचार)। बिलासपुर यातायात पुलिस का वार्षिक निरीक्षण अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात रामगोपाल करियारे द्वारा किया गया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों का टोली बनाकर ड्रिल कराई और यातायात मैनुअल अभ्यास कराया।
निरीक्षण के दौरान एएसपी ट्रैफिक ने यातायात विभाग में उपयोग होने वाले वाहनों का रखरखाव, गाड़ियों में आपात स्थिति में रखे जाने वाले विभिन्न इमरजेंसी सामग्रियों का अवलोकन किया। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों के टर्नआउट का बारीकी से अवलोकन करते हुए अव्वल दर्जे का अनुशासन और उत्कृष्ट टर्न आउट धारण करने वाले अधिकारी कर्मचारियों को इनाम दी।

एएसपी ट्रैफिक ने अधिकारियों और कर्मचारियों को यातायात नियमों, संकेतों, निर्देशों और दिशा सूचक मार्गदर्शक चिन्हों का ज्ञान अनिवार्य रूप से होने के संबंध में आवश्यक दिशा निर्देश दिए। उन्होंने यातायात विभाग के विभिन्न तकनीकी यंत्रों का भी भौतिक मुआयना किया।
एएसपी ट्रैफिक ने अधिकारियों और कर्मचारियों का कुशल क्षेम पूछा और उनके शारीरिक मानसिक और व्यक्तिगत परेशानियों पर गंभीरतापूर्वक ध्यान देते हुए वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराने प्रतिवेदन वरिष्ठ कार्यालय भेजे जाने आश्वस्त किया। उन्होंने कहा कि यातायात विभाग में काम करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों को कई प्रकार की शारीरिक परेशानियों का सामना करना पड़ता है, जैसे कि पैरों में सूजन और वेरीकोज वेन आदि।
निरीक्षण के दौरान यातायात पुलिस बिलासपुर में संचालित वाहनों के माध्यम से अत्यधिक यातायात दबाव वाले मार्गों में सायरन के साथ पेट्रोलिंग किया गया। एएसपी ट्रैफिक ने यातायात बाधित न करने और लोगों को जागरूक करने के लिए आवश्यक दिशा निर्देश दिए।



