Vedant Samachar

CG NEWS : स्वच्छता के प्रति जागरूकता की अनूठी पहल : स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम आयोजित…

Vedant Samachar
3 Min Read

बीजापुर,28जुलाई(वेदांत समाचार) । स्वच्छ भारत अभियान के अंतर्गत एसबीआई संजीवनी क्लिनिक ऑन व्हील्स एसबीआई फाउंडेशन, वित्तपोषित एवं शिखर युवा मंच, बिलासपुर द्वारा संचालित टीम ने बीजापुर ब्लॉक के ग्राम कोयाईटपाल में एक विशेष स्वास्थ्य एवं स्वच्छता जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य स्कूली बच्चों और किशोरी बालिकाओं को व्यक्तिगत स्वच्छता, स्वास्थ्य सुरक्षा और मासिक धर्म संबंधी जागरूकता प्रदान करना था।

हैंडवॉश डेमोंस्ट्रेशन एवं व्यक्तिगत स्वच्छता:- एसबीआई संजीवनी की टीम ने विद्यार्थियों को हाथ धोने की सही विधि बताई जैसे साबुन लगाना, उंगलियों के बीच सफाई, नाखूनों की सफाई आदि का डेमोंस्ट्रेशन दिया। बच्चों ने सक्रिय रूप से भाग लेते हुए हाथ धोने की प्रक्रिया को दोहराया।कार्यक्रम के अंत में बच्चों को ब्रश, कोलगेट, साबुन और जीभी से युक्त व्यक्तिगत स्वच्छता किट प्रदान की गई ताकि वे स्वच्छ आदतों को अपने दैनिक जीवन में अपनाएं।

किशोरी बालिकाओं हेतु मासिक धर्म जागरूकता :

विद्यालय परिसर में किशोरी बालिकाओं के लिए एक संवेदनशील एवं सूचनात्मक सत्र आयोजित किया गया। इसमें बालिकाओं को बताया गया कि माहवारी एक सामान्य जैविक प्रक्रिया है जिससे डरने या शर्माने की आवश्यकता नहीं है। उन्हें यह भी समझाया गया कि इस दौरान स्वच्छता कैसे बनाए रखें, कितनी बार पैड बदलें, और संक्रमण से कैसे बचें। टीम के डॉक्टर एवं स्टाफ ने बालिकाओं के प्रश्नों के सहज एवं सहानुभूति पूर्ण तरीके से उत्तर दिए। सत्र के अंत में सभी किशोरी बालिकाओं को मुफ्त सैनिटरी पैड वितरित किए गए।

कार्यक्रम के समापन अवसर पर विद्यालय के प्रधानपाठकों एवं शिक्षकों ने एसबीआई फाउंडेशन, शिखर युवा मंच एवं एसबीआई संजीवनी टीम के प्रति आभार व्यक्त किया।

प्रधानपाठक एन.के. कश्यप, कामेश्वर डब्बा और संजीता पुजारी ने कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम न केवल बच्चों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करते हैं, बल्कि उन्हें व्यवहारिक समाधान भी प्रदान करते हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रमों का आयोजन होता रहेगा, जिससे विद्यार्थियों के समग्र विकास को बल मिलेगा। यह पहल ग्राम कोयाईटपाल में स्वास्थ्य और स्वच्छता के क्षेत्र में एक प्रेरणादायक कदम सिद्ध हुई।

कार्यक्रम में प्रमुख रूप से एन.के. कश्यप, उमेश कुमार पैकरा, कामेश्वर डब्बा, कोडे बुच्चा राव, संजीता पुजारी, कुसुम सहित एसबीआई संजीवनी टीम मुकेश मानिकपुरी, डॉ. माधुरी ठाकुर, जयश्री सेगम, मनोरमा उसेंडी, सिध मौर्य, सियाराम कुड़ियम उपस्थित थे।

Share This Article