नई दिल्ली,28जुलाई। टीम इंडिया ने दूसरी पारी में 143 ओवर बैटिंग कर मैनचेस्टर टेस्ट को हार से ड्रॉ में बदल दिया। टीम से शुभमन गिल, रवींद्र जडेजा और वॉशिंगटन सुंदर ने शतक लगाया। वहीं केएल राहुल ने 90 रन की पारी खेली। ओल्ड ट्रैफर्ड में पहली पारी में भारत ने 358 और इंग्लैंड ने 669 रन बनाए थे। भारत ने दूसरी पारी में 4 विकेट के नुकसान पर 425 रन बनाए और मुकाबला ड्रॉ करा दिया।
एंडरसन-तेंदुलकर ट्रॉफी का चौथा टेस्ट ड्रॉ होने के बावजूद इंग्लैंड के पास सीरीज में 2-1 की बढ़त है। सीरीज का पांचवां और आखिरी टेस्ट 31 जुलाई से लंदन के द ओवल स्टेडियम में खेला जाएगा। यहां अगर इंग्लैंड जीता तो टीम सीरीज जीत लेगी, वहीं भारत जीता तो टीम यहां लगातार दूसरी टेस्ट सीरीज ड्रॉ करा लेगी।
इंग्लैंड से जो रूट ने 150, बेन स्टोक्स ने 141, बेन डकेट ने 94, जैक क्रॉली ने 84 और ओली पोप ने 71 रन बनाए। स्टोक्स ने 5 और जोफ्रा आर्चर ने 3 विकेट लिए। पहली पारी में भारत से साई सुदर्शन ने 61, यशस्वी जायसवाल ने 58 और ऋषभ पंत ने 54 रन बनाए थे।
गिल की पारी के रोचक फैक्ट
रवींद्र जडेजा के इंग्लैंड में 1000 रन पूरे हो गए हैं। इतना ही नहीं, वे 34 विकेट भी ले चुके हैं। जडेजा विदेशी पिचों पर ऐसा करने वाले तीसरे प्लेयर हैं। उनसे पहले इंग्लैंड के बिल फर्ड रोड्स और वेस्टइंडीज के गैरी सोवर्स यह उपलब्ध हासिल कर चुके हैं।
कप्तान शुभमन गिल ने इस सीरीज में चौथा शतक लगाया है। उन्होंने एक सीरीज में सबसे ज्यादा शतक लगाने वाले कप्तानों की लिस्ट में सर डॉन ब्रैडमैन और सुनील गावस्कर के 4-4 शतक के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली है।
शुभमन गिल बतौर कप्तान डेब्यू सीरीज में 4 शतक बनाने वाले पहले खिलाड़ी बने हैं। उनसे पहले वार्विक आर्मस्ट्रॉन्ग, डॉन ब्रैडमैन, ग्रेग चैपल, विराट कोहली और स्टीव स्मिथ ने बतौर कप्तान अपनी पहली टेस्ट सीरीज में 3-3 शतक लगाए थे।
दोनों टीमें
भारत: शुभमन गिल (कप्तान), यशस्वी जयसवाल, केएल राहुल, साई सुदर्शन, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), रवींद्र जडेजा, वॉशिंगटन सुंदर, शार्दूल ठाकुर, जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज, अंशुल कम्बोज।
इंग्लैंड: बेन स्टोक्स (कप्तान), जैक क्रॉली, बेन डकेट, ओली पोप, जो रूट, हैरी ब्रूक, जैमी स्मिथ, लियम डॉसन, ब्रायडन कार्स, जोफ्रा आर्चर और क्रिस वोक्स।



