मुंबई : बॉलीवुड में धर्मेंद्र और सनी देओल ने जिन ऊंचाइयों को छुआ है, वहां तक बॉबी देओल नहीं पहुंच पाए हैं. उन्होंने जरूर बॉलीवुड डेब्यू के साथ धूम मचाई थी और इस सक्सेस को शुरुआती कुछ फिल्मों तक बरकरार भी रखा, हालांकि इसके बाद उनकी फिल्में लगातार पिटती चली गईं. बॉबी के जीवन में एक वक्त तो ऐसा भी आया जब उन्हें काम नहीं मिल रहा था. वो घर बैठ गए थे और शराब के नशे में डूबे रहते थे.
बॉबी देओल की जिंदगी में वो दौर सबसे बुरा रहा है. एक तो उनके पास कोई काम-काज नहीं था और ऊपर से वो शराब के नशे में डूबे रहते थे. हालांकि फिर कुछ ऐसा हुआ कि उन्होंने बॉलीवुड में कमबैक करने का मन बनाया. एक इंटरव्यू में बॉबी ने बताया था कि आखिर किसकी खातिर उन्होंने बॉलीवुड में वापसी की थी.
3 साल तक नहीं मिला काम
1995 की फिल्म ‘बरसात’ से हिट डेब्यू करने के बाद बॉबी ने ‘गुप्त’, ‘सोल्जर’ और ‘बादल’ जैसी हिट फिल्में दीं. हालांकि इसके बाद उनकी ‘अब तुम्हारे हवाले वतन साथियों’, ‘झूम बराबर झूम’, ‘नन्हे जैसलमेर’, ‘किस्मत’, ‘बर्दाश्त’, और ‘पोस्टर बॉयज’ सहित कई फिल्में बॉक्स ऑफिस पर औंधे मुंह गिर गईं. जबकि साल 2014 से 2016 के बीच बॉबी के पास कोई काम नहीं था.
एक्टर ने शराब को लगाया गले
बॉबी देओल जब काम की कमी से जूझ रहे थे उसी समय उन्होंने शराब को गले लगाया. बॉबी घर बैठे रहते थे और पूरी तरह से शराब के आदी हो चुके थे. हालांकि एक्टर को समय बीतने के साथ समझ आने लगा कि अब घर बैठने से काम नहीं चलेगा. वो अपने बच्चों और वाइफ का चेहरा देखकर समझ चुके थे कि उन्हें इन हालातों से निकलना होगा.
किसकी खातिर किया कमबैक?
बॉबी फिर ‘रेस 3’ और ‘हाउसफुल 4’ में नजर आए. इसके बाद ‘आश्रम’ वेब सीरीज से उन्होंने खूब सुर्खियां बटोरी. फिर साल 2023 में आई फिल्म ‘एनिमल’ में विलेन का रोल करके तो उन्होंने तहलका मचा दिया. एक इंटरव्यू में अभिनेता ने बताया था कि एक दिन उन्होंने अपने बच्चों की आंखों में देखा और समझ आया कि मैं गलती कर रहा हूं. वो सोचते रहते थे कि पापा तो हमेशा घर पर ही रहते हैं. बॉबी ने ये ही चीज अपनी वाइफ और मां की आंखों में भी पाई तो फिर उन्हें एहसास हुआ कि अब उन्हें आगे बढ़ना होगा.



