महासमुंद,27जुलाई(वेदांत समाचार)। महासमुंद जिले में पिछले 48 घंटे में हुई मूसलधार बारिश और झड़ी ने ग्रामीण जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित किया है। लहंगर, कुकराडीह और तेंदवाही जैसे गांवों में पानी घरों में घुस गया है, जिससे ग्रामीणों का जीवन अस्त-व्यस्त हो गया है।” जिले के ग्राम लहंगर, कुकराडीह और तेंदवाही में लगातार तेज बारिश से ग्राम लहंगर में एक फीट तक पानी घरों के भीतर भर गया है।
पानी निकासी की कोई समुचित व्यवस्था नहीं होने से घरों में रखा घरेलू सामान, अनाज और रासायनिक खाद पूरी तरह भीगकर खराब हो चुका है। ग्रामीण लक्ष्मण साहू और राधेलाल सिन्हा ने बताया कि इस बारिश ने उनकी खेती, पशुधन और रोजमर्रा की ज़िंदगी को गंभीर नुकसान पहुँचाया है। तुमगांव क्षेत्र के ग्राम कुकराडीह और तेंदवाही में भी हालात कुछ अलग नहीं हैं।
कई घरों में फर्श से ऊपर तक पानी घुस आया है। ग्रामीण अपने जरूरी सामानों को पलंगों और ऊँची जगहों पर रखकर किसी तरह बचाव कर रहे हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से गुहार लगाई है कि पानी निकासी की तत्काल व्यवस्था की जाए और बारिश से खराब हुए खाद, बीज और घरेलू सामग्री का मुआवज़ा दिया जाए। मामले में जिला प्रशासन के अधिकारियों ने ग्रामीणों को हुए नुकसान का आकलन कराकर उचित मुआवजे की बात कही है।



