जयपुर । जयपुर के एयरपोर्ट पर शुक्रवार को उस वक्त अफरातफरी मच गई जब मुंबई के लिए उड़ान भरने वाली एअर इंडिया की फ्लाइट AI-612 को उड़ान भरने के मात्र 18 मिनट बाद इमरजेंसी में लौटकर लैंडिंग करनी पड़ी। यह आपात स्थिति उस समय उत्पन्न हुई जब पायलट को उड़ान के दौरान कार्गो डोर के खुले होने का अलर्ट मिला।
फ्लाइट को शुक्रवार दोपहर एक बजकर 35 मिनट पर जयपुर से मुंबई के लिए रवाना होना था, लेकिन यह निर्धारित समय से 23 मिनट की देरी से यानी दोपहर 1:58 पर टेकऑफ कर पाई। टेकऑफ के कुछ ही मिनटों के भीतर, लगभग 2:16 बजे पायलट को तकनीकी गड़बड़ी का संकेत मिला और उन्होंने तुरंत एअर ट्रैफिक कंट्रोल से संपर्क कर वापस जयपुर एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग की अनुमति मांगी।



