Vedant Samachar

दूसरों से मांग- मांग कर खाती थी खाना, शुभमन गिल से मिलने के बाद बदली किस्मत, 9 बल्लेबाजों को आउट कर छाई

Vedant Samachar
4 Min Read

नई दिल्ली,23जुलाई : इंग्लैंड के खिलाफ शुभमन गिल की टीम इंडिया टेस्ट सीरीज में भले ही 1-2 से पिछड़ी हो. मगर भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने वहां अपने दबदबे की कहानी पूरी तरह से लिखी है. उसने T20 के बाद अब वनडे सीरीज पर भी कब्जा जमा लिया है. भारतीय महिलाओं ने 3 वनडे की सीरीज पर 2-1 से कब्जा किया. भारत की इस सीरीज जीत में उसके तेज गेंदबाज क्रांति गौड़ की भूमिका सबसे बढ़कर रही. अपने नाम की ही तरह उन्होंने इंग्लैंड में काम से भी क्रांति ला दी. 21 साल की भारतीय गेंदबाज ने इंग्लैंड के 9 बल्लेबाजों को अपना निशाना बनाया. इस कामयाबी के बाद वो वनडे सीरीज की सबसे सफल गेंदबाज बन गईं.

टीम इंडिया तक पहुंचने का सफर नहीं रहा आसान
हालांकि, इंग्लैंड में गेंद से क्रांति ला देने वाली भारतीय गेंदबाज का टीम इंडिया तक का सफर आसान नहीं रहा. टीम इंडिया की जर्सी पहनकर भारत का नाम रोशन करने से पहले उन्हें अपनी जिंदगी में हर कदम पर एक जंग लड़नी पड़ी. क्रांति गौड़ और उनके परिवार को पेट पालने के लिए भी जूझना पड़ा.

दूसरों से मांग-मांग कर पड़ता था खाना
BCCI ने क्रांति गौड़ का एक इंटरव्यू जारी किया है, जिसमें वो अपने जीवन के संघर्षों के बारे में खुलकर बात कर रही हैं. उसी में उन्होंने बताया कि बुरे वक्त में खाने के लिए उन्हें दूसरों से मांगना भी पड़ा है. क्रांति गौड़ आगे कहती हैं कि पिता की नौकरी चली गई थी. उनके भाई का काम भी अच्छा नहीं चल रहा था. उन बुरे हालातों में मां के गहने बेचकर किसी तरह से घर चला. सामने आए इंटरव्यू में उन्होंने अपने क्रिकेटर बनने की जर्नी के बारे में भी बताया.

पहले दो मैचों में विकेट लेने में नाकाम, गिल से हुई मुलाकात
क्रांति गौड़ ने इसी साल मई में इंटरनेशनल डेब्यू श्रीलंका के खिलाफ किया था. कोलंबो में खेले उस वनडे मुकाबले में क्रांति को विकेट नहीं मिला. इसके बाद जुलाई 2025 में उन्होंने T20 डेब्यू इंग्लैंड के खिलाफ बर्मिंघम में किया मगर उसमें भी विकेट नहीं मिला. बैक टू बैक दो डेब्यू पर नाकामी के बाद क्रांति गौड़ की मुलाकात इंग्लैंड में ही किंग से मिलने-जुलने के दौरान शुभमन गिल से हुई. क्रांति गौड़ ने शुभमन गिल से मुलाकात की अपनी तस्वीरें भी इंस्टाग्राम पर पोस्ट की है.

शुभमन गिल से मिलने के बाद गेंदबाजी में ‘क्रांति’
15 जुलाई को क्रांति गौड़ की शुभमन गिल से ये मुलाकात हुई और 16 जुलाई से उनकी किस्मत बदलनी शुरू हो गई. असर ये हुआ कि अपने इंटरनेशनल करियर के पहले दो मैचों में विकेट लेने में नाकाम रहने वाली क्रांति गौड़ ने इंग्लैंड के खिलाफ वनडे सीरीज के 3 मैचों में 15.11 की औसत से 9 विकेट चटका दिए . इसमें से अकेले 6 विकेट उन्होंने सिर्फ उस आखिरी मैच में लिए, जिससे सीरीज का फैसला होना था.

Share This Article