कटघोरा,21जुलाई(वेदांत समाचार) | मारवाड़ी युवा मंच एवं नवचेतना शाखा के संयुक्त तत्वावधान में थाना परिसर कटघोरा में वृहद पौधरोपण रविवार को किया गया। मुख्य अतिथि नगर निरीक्षक धर्मनारायण तिवारी, विशिष्ट अतिथि अखिल भारतीय मारवाड़ी युवा मंच के राष्ट्रीय संयोजक एवं निवर्तमान प्रदेशध्यक्ष मनीष अग्रवाल, प्रांतीय उपाध्यक्ष सुमित अग्रवाल, अग्रवाल सभा कटघोरा अध्यक्ष पवन अग्रवाल शामिल रहे। कार्यक्रम में छायादार, फलदार एवं औषधीय पौधों का रोपण किया गया। साथ ही सभी पौधों के संरक्षण हेतु ट्री गार्ड्स लगाए गए।
प्रत्येक अतिथि एवं प्रतिभागी ने एक-एक पौधा गोद लेकर संरक्षण का संकल्प लिया। नगर निरीक्षक तिवारी ने कहा कि पर्यावरण की सुरक्षा केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं, यह समाज का भी साझा दायित्व है। आज का पौधा, कल की शुद्ध हवा है। इस प्रकार के जनभागीदारी से जुड़े कार्यक्रम अत्यंत सराहनीय हैं। राष्ट्रीय संयोजक मनीष अग्रवाल ने कहा मारवाड़ी युवा मंच न केवल सामाजिक विकास बल्कि पर्यावरण संरक्षण की दिशा में भी सतत प्रयासरत है। हर युवा यदि एक पौधे का जिम्मा ले, तो आने वाली पीढ़ियों के लिए हम हरियाली भरा भविष्य दे सकते हैं।
उन्होंने बताया कि वनमहोत्सव पर्यावरण कार्यक्रम के तहत राष्ट्र की 836 शाखाएं इस कार्य हेतु आगे बढ़ रही हैं। प्रांतीय उपाध्यक्ष सुमित अग्रवाल एवं प्रांतीय संयोजक पीयूष गर्ग ने बताया कि मारवाड़ी युवा मंच का उद्देश्य सभी जगह पर्यावरण संवर्धन को बढ़ावा देना है। इस अवसर पर नवीन गोयल, अजय गर्ग, पियुष अग्रवाल, अंकुश अग्रवाल, अंजय अग्रवाल, अरुण केडिया आदि मौजूद थे।



