Vedant Samachar

कोरबा में SP ऑफिस के सामने ट्रेनी डॉक्टर के साथ दुष्कर्म के प्रयास का सनसनीखेज मामला आया सामने, मचा हड़कंप

Vedant samachar
2 Min Read


कोरबा, 18 जुलाई । छत्तीसगढ़ में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां पुलिस अधीक्षक कार्यालय के ठीक सामने स्थित होटल टाउन इन टाउन में एक ट्रेनी डॉक्टर के साथ दुष्कर्म के प्रयास का मामला दर्ज किया गया है। यह घटना गुरुवार-शुक्रवार की दरमियानी रात लगभग 2 बजे कमरा नंबर 122 में हुई, जब एक अज्ञात आरोपी खिड़की फांदकर कमरे में घुस गया।


आरोपी ने ट्रेनी डॉक्टर के साथ दुष्कर्म का प्रयास किया, लेकिन डॉक्टर ने बहादुरी दिखाते हुए आरोपी का मुकाबला किया और चीख-पुकार मचाई, जिसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।


पुलिस ने होटल में लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से आरोपी की पहचान की और त्वरित कार्रवाई करते हुए रामपुर निवासी 35 वर्षीय राजा खड़िया को हिरासत में ले लिया है। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है और मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।


इस घटना ने शहर में सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं, खासकर पुलिस अधीक्षक कार्यालय के ठीक सामने ऐसी वारदात होना चिंता का विषय है। पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है और दोषी को सजा दिलाने के लिए प्रयासरत है।


गौरतलब है कि शक्ति जिले से चार डॉक्टर मेडिकल कॉलेज अस्पताल में ट्रेनिंग के लिए कोरबा आए थे, जिनमें से दो ट्रेनी डॉक्टर अपनी ट्रेनिंग पूरी कर वापस लौट चुके थे, जबकि दो डॉक्टर होटल में ठहरे हुए थे। इस घटना के बाद होटल स्टाफ और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है और ट्रेनी डॉक्टरों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।

Share This Article