कोरबा, 17 जुलाई (वेदांत समाचार)। कोरबा में माई जी फाउंडेशन सोसायटी (NGO) के तत्वावधान में महिलाओं के सशक्तिकरण को समर्पित “स्व-सहायता समूह सम्मान समारोह” का आयोजन भव्य और ऐतिहासिक रूप से संपन्न हुआ। इस आयोजन में मुख्य अतिथि श्रीमती कौशल्या साय ने शिरकत की और स्व-सहायता समूह की सक्रिय व प्रेरणादायी महिलाओं को उनके सामाजिक, आर्थिक और सामुदायिक योगदान के लिए सम्मान पत्र और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।
श्रीमती कौशल्या साय ने अपने भावुक संबोधन में कहा, “माई जी फाउंडेशन द्वारा महिलाओं को सशक्त बनाने का यह प्रयास अत्यंत सराहनीय है। स्व-सहायता समूह न केवल आर्थिक रूप से बल्कि मानसिक और सामाजिक रूप से भी महिलाओं को मजबूत बना रहे हैं। महिलाएं आज हर क्षेत्र में अपनी क्षमता का प्रमाण दे रही हैं। इस तरह के आयोजनों से उनके आत्मविश्वास को और अधिक बल मिलेगा। आने वाले समय में ये महिलाएं नारी सशक्तिकरण की सशक्त मिसाल बनेंगी।”

विशिष्ट अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में नगर निगम कोरबा की महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत, जिला पंचायत सीईओ श्री दिनेश नाग, भाजपा जिला अध्यक्ष श्री गोपाल मोदी, वरिष्ठ पत्रकार कमलेश यादव, पूर्व जिला अध्यक्ष डॉ. राजीव सिंह, पार्षद नरेंद्र देवांगन, वरिष्ठ अधिवक्ता मधु पांडे, छत्तीसगढ़ शक्ति स्वरूपा भारत विकास परिषद की अध्यक्ष श्रीमती सुषमा दानी और समाजसेवी नीतू अरोड़ा सहित अनेक गणमान्य अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति रही।


सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने बांधा समां
कार्यक्रम में इशिता कश्यप की अद्भुत कत्थक नृत्य प्रस्तुति ने उपस्थितजनों को मंत्रमुग्ध कर दिया। पूजा दीवान ने छत्तीसगढ़ की लोककला पंडवानी की जीवंत प्रस्तुति देकर दर्शकों को रोमांचित किया। नम्रता, पायल और कोमल साहू की प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में जीवंतता का संचार किया और दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं।
सम्मान और स्मृति चिन्ह वितरण के साथ समापन
कार्यक्रम का समापन आभार प्रदर्शन के साथ हुआ। सभी अतिथियों और प्रतिभागियों को स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया। यह आयोजन न केवल महिलाओं के लिए बल्कि पूरे समाज के लिए एक प्रेरणास्रोत बन गया, जिसमें नारी शक्ति के योगदान और उनके आत्मनिर्भर बनने के संकल्प को खुलकर सराहा गया।



