Vedant Samachar

कोरबा में रिश्वत लेते शिक्षक हुआ गिरफ्तार, ACB की बड़ी कार्रवाई

Vedant samachar
2 Min Read


कोरबा, 17 जुलाई (वेदांत समाचार)। एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने जिला कोरबा में एक बड़ी कार्रवाई करते हुए एक शिक्षक को रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी शिक्षक की पहचान विनोद कुमार सांडे के रूप में हुई है, जो माध्यमिक शाला बेलतला जिला कोरबा में शिक्षक के पद पर पदस्थ हैं और वर्तमान में बेसिक फेडरेशन कोरबा के जिला अध्यक्ष भी हैं।


मिली जानकारी अनुसार प्राथमिक शाला कोसलडी जिला कोरबा के प्रधान पाठक रामायण पटेल ने ACB में शिकायत की थी कि उनकी पत्नी गरिमा चौहान का स्थानांतरण बहुत दूर के स्कूल में हो रहा था। आरोपी विनोद कुमार सांडे ने दावा किया कि उनके डीईओ कोरबा और बीईओ कटघोरा से अच्छे संबंध हैं और स्थानांतरण आदेश को निरस्त करने के लिए 20,000 रुपये की रिश्वत की मांग की।


शिकायत के सत्यापन के बाद ACB ने एक ट्रैप का आयोजन किया और दिनांक 17.07.2025 को आरोपी विनोद कुमार सांडे को 20,000 रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ लिया। आरोपी को गिरफ्तार कर उनके विरुद्ध धारा 7 पीसी एक्ट 1988 (संशोधित अधिनियम 2018) के प्रावधानों के तहत कार्यवाही की जा रही है।


इस कार्रवाई से स्पष्ट है कि सरकार भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है। सरकारी महकमों में भ्रष्टाचार के खिलाफ यह कार्रवाई एक सख्त संदेश देती है और अन्य अधिकारियों और कर्मचारियों को भी ईमानदारी से काम करने के लिए प्रेरित करेगी।

Share This Article