Vedant Samachar

कटघोरा विधायक के गृहग्राम की नदी में नहीं बना पुल, बच्चे नदी पार कर स्कूल आते हैं पढ़ने…पुल निर्माण की उठी मांग

Vedant samachar
2 Min Read


कोरबा, 17 जुलाई (वेदांत समाचार)। कटघोरा विधानसभा के ग्राम उतरदा रेलडबरी में पितनी नदी पर पुल का निर्माण नहीं होने से ग्रामीणों और स्कूली बच्चों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। विधायक प्रेमचंद पटेल के गृहग्राम में पुल निर्माण की मांग को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश है।


ग्रामीणों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ता है, खासकर स्कूली बच्चों को नदी पार कर स्कूल जाना पड़ता है। बारिश के दिनों में नदी का जलस्तर बढ़ने से बच्चों की सुरक्षा खतरे में पड़ जाती है।


उतरदा के पितनी नदी में 30 मीटर लंबे पुल का निर्माण किया जाना है, जिसकी कुल लागत 1 करोड़ 78 लाख रुपये है। लोक निर्माण विभाग को एजेंसी बनाया गया है, लेकिन अभी तक टेंडर की प्रक्रिया शुरू नहीं हो सकी है।


कटघोरा विधायक प्रेमचंद पटेल का गृह ग्राम होने के कारण क्षेत्र के लोगों को इस गंभीर समस्या से जल्द ही निजात मिलने की उम्मीद बनी हुई है। विधायक ने पहले भी क्षेत्र के विकास के लिए कई कदम उठाए हैं, जैसे कि दीपका थाना से हरदी बाजार चौक तक सड़क मार्ग के नवीनीकरण और उन्नयन कार्य के लिए 17 करोड़ रुपये की लागत से कार्य शुरू किया गया है.

स्कूल प्रशासन की अपील
हाई स्कूल के प्राचार्य पीपी अंचला ने बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए अभिभावकों से अपील की है कि बारिश के दिनों में नदी में ज्यादा पानी आने के कारण बच्चों को खतरा मोल लेकर स्कूल न भेजें।


पुल निर्माण से ग्रामीणों और स्कूली बच्चों की परेशानी दूर हो जाएगी और क्षेत्र के विकास में एक महत्वपूर्ण कदम होगा। उम्मीद है कि जल्द ही पुल निर्माण का कार्य शुरू होगा और क्षेत्र के लोगों को इसका लाभ मिलेगा।

Share This Article