रायपुर, 19 अप्रैल 2026 (वेदांत समाचार)। सड़क सुरक्षा को लेकर रायपुर ट्रैफिक पुलिस ने एक बार फिर सख्ती दिखाते हुए शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ बड़ा अभियान चलाया। 18 अप्रैल की रात शहर के 9 प्रमुख स्थानों पर चलाए गए विशेष चेकिंग अभियान में महज दो घंटे के भीतर 151 वाहन चालकों पर कार्रवाई की गई।
। सड़क सुरक्षा को लेकर रायपुर ट्रैफिक पुलिस ने एक बार फिर सख्ती दिखाते हुए शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ बड़ा अभियान चलाया। 18 अप्रैल की रात शहर के 9 प्रमुख स्थानों पर चलाए गए विशेष चेकिंग अभियान में महज दो घंटे के भीतर 151 वाहन चालकों पर कार्रवाई की गई।
अभियान का नेतृत्व यातायात एवं प्रोटोकॉल के पुलिस उपायुक्त विकास कुमार ने किया। रात 11 बजे से 1 बजे तक चली इस सघन कार्रवाई में पुलिस टीमों ने ब्रीथ एनालाइजर की मदद से शराब के नशे में वाहन चला रहे चालकों की जांच की और मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 के तहत उनके खिलाफ मामला दर्ज किया।
ट्रैफिक पुलिस के अनुसार, वर्ष 2026 में अब तक शराब पीकर वाहन चलाने के 2456 मामले सामने आ चुके हैं, जो रायपुर जिले के इतिहास में अब तक का सबसे बड़ा आंकड़ा है। लगातार बढ़ती कार्रवाई यह दर्शाती है कि पुलिस सड़क सुरक्षा को लेकर किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं कर रही है।
पुलिस ने स्पष्ट किया कि इस अभियान का मकसद केवल जुर्माना वसूलना नहीं, बल्कि सड़क दुर्घटनाओं को रोकना और आम नागरिकों की जान की सुरक्षा करना है। अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि वे नशे की हालत में वाहन न चलाएं और जरूरत पड़ने पर कैब या अन्य सुरक्षित साधनों का इस्तेमाल करें।
ट्रैफिक पुलिस ने यह भी साफ किया है कि ऐसे औचक चेकिंग अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे, ताकि यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित किया जा सके और शहर में सड़क हादसों को कम किया जा सके।
