Vedant Samachar

BREAKING NEWS: कोरबा जिले में करैत सांप के डसने से 11 वर्षीय छात्रा की मौत

Vedant Samachar
2 Min Read
परिजन सांप को पकड़ने की कोशिश कर ही रहे थे कि वह मिट्टी की दीवार में घुस गया

कोरबा,14 जुलाई (वेदांत समाचार)। कोरबा जिले में करैत सांप के डसने से 11 वर्षीय छात्रा की मौत हो गई। मृतिका की पहचान रीना कुमारी यादव पिता कम्हन यादव के रूप में हुई है। जो कि 5वीं कक्षा में पढ़ती थी। घटना हरदी बाजार थाना क्षेत्र के भाटिकुड़ा की है।

जानकारी के मुताबिक, बीती रात रीना अपनी दादी के साथ बिस्तर पर सो रही थी। अचानक वह चिल्लाते हुए उठी और रोने लगी। परिवार को लगा कि शायद किसी बरसाती कीड़े ने काट लिया है। जब लाइट जलाई गई, तो बिस्तर पर करैत सांप दिखा।परिजन सांप को पकड़ने की कोशिश कर ही रहे थे कि वह मिट्टी की दीवार में घुस गया। कुछ देर बाद रीना की तबीयत बिगड़ने लगी। परिजन उसे फौरन जिला अस्पताल ले गए। लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

जिला अस्पताल चौकी पुलिस ने मामला दर्ज कर परिजनों का बयान लिया है। स्नेक कैचर अविनाश यादव ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में सांप के काटने पर लोग अस्पताल ले जाने की बजाय झाड़-फूंक में समय बर्बाद करते हैं। इससे मरीज की जान जा सकती है। जिसे लेकर जनजागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। लोगों को समझाया जा रहा है कि सांप काटने पर तुरंत अस्पताल जाएं।

Share This Article