Vedant Samachar

मैहर में संपन्न हुई अपना दल (एस) की कार्यकर्ता बैठक, सदस्यता अभियान को मिली गति

Vedant samachar
3 Min Read

आर बी सिंह ने उठाया प्रदेश में ओबीसी के लिए 27% आरक्षण का मुद्दा
लक्ष्य 2028 को लेकर कार्य कर रही अपना दल (एस)

मैहर, 13 जुलाई 2025 । अपना दल (एस) मध्य प्रदेश में अपनी संगठनात्मक गतिविधियों को और मजबूत करने के लिए सक्रिय कदम उठा रहा है। इस क्रम में राष्ट्रीय महासचिव व मध्य प्रदेश प्रभारी आर. बी. सिंह पटेल प्रदेश में कार्यकर्ता बैठक सह सदस्यता अभियान कार्यक्रम को आगे बढ़ाते हुए रविवार को मैहर पहुंचे। यह कार्यक्रम सुबह 11 बजे से घंटाघर के पास सर्किट हाउस में संपन्न हुआ। इस बैठक को लेकर राजनीतिक रणनीतिकार डॉ. अतुल मलिकराम ने कार्यकर्ताओं के साथ चर्चा करते हुए सदस्यता अभियान को गति देने और पार्टी की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने का अनुरोध किया है। कार्यक्रम के संयोजक पार्टी के वरिष्ठ नेता मान सिंह बिसेन और डी पी पटेल रहे।

हाल ही में मध्य प्रदेश में अपना दल (एस) के प्रभारी नियुक्त किए गए आर. बी. सिंह पटेल ने कहा, “राष्ट्रीय अध्यक्ष व केंद्रीय मंत्री श्रीमती अनुप्रिया पटेल जी के मार्गदर्शन में हम मध्य प्रदेश में संगठन को नई ऊंचाइयों तक ले जाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। मेरा पूर्ण विश्वास है कि मध्य प्रदेश में अपना दल (एस) तीसरा सबसे बड़ा राजनीतिक दल बनकर उभरेगा, इसलिए हम लक्ष्य 2028 लेकर चल रहे हैं। हमारी पार्टी दलित, शोषित, वंचित वर्ग की पार्टी है और उनकी आवाज को सड़क से संसद तक उठाने में विश्वास रखती है. हमारा राज्य सरकार से भी अनुरोध है कि प्रदेश में ओबीसी आरक्षण को जल्द से जल्द 27% किए जाने की प्रक्रिया को पूर्ण किया जाए।”

कार्यक्रम के संयोजक मान सिंह बिसेन ने कहा, “मैहर में होने वाली यह बैठक और सदस्यता अभियान पार्टी के लिए एक महत्वपूर्ण कदम है। हम कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर संगठन को मजबूत करने और नए सदस्यों को जोड़ने की दिशा में तेजी से कार्य कर रहे हैं। राष्ट्रीय नेतृत्व के मार्गदर्शन में हम पार्टी की नीतियों को जनता तक पहुंचाएंगे और सामाजिक न्याय के लिए काम करते रहेंगे।”

यह आयोजन मध्य प्रदेश में अपना दल (एस) की स्थिति को और सुदृढ़ करने की दिशा में एक जरुरी कदम माना जा रहा है। कार्यकर्ताओं ने इस कार्यक्रम को लेकर भारी उत्साह दिखाया, जिसे देखते हुए उम्मीद की जा रही है कि यह अभियान पार्टी के विस्तार में आवश्यक भूमिका निभाएगा।

Share This Article