जांजगीर चांपा, 12 जुलाई (वेदांत समाचार)। जांजगीर चांपा पुलिस ने 10 माह से फरार चल रहे आरोपी सोनू कर्ष पिता अंतराम उम्र 23 साल निवासी पचोरी थाना सारागांव जिला जांजगीर चांपा को तमिलनाडु तरफ से पकड़ने में सफलता हासिल की है। आरोपी पर करोड़ों रुपए लेकर धोखाधड़ी करने और आत्महत्या के लिए उत्प्रेरित करने का आरोप है।
प्रार्थी सतेंद्र पटनवार निवासी कोरिया हाल मुकाम द्वारिका सेक्टर 18 दिल्ली ने रिपोर्ट दर्ज कराया था कि आरोपी अनुराग राठौर एवं उनके अन्य साथियों ने प्रार्थी के भांजे अमन कौशिक से कुल 1,60,00,000/₹ (एक करोड़ साठ लाख रुपया) उधारी लिया था, जिसे वापस मांग करने पर आरोपियों ने वापस नहीं किया और धोखाधड़ी कर दी। आरोपियों ने अमन कौशिक को आत्महत्या करने के लिए भी उत्प्रेरित किया, जिससे अमन कौशिक ने 10 सितंबर 2024 को जहर सेवन कर लिया और उपचार के दौरान उनकी मृत्यु हो गई।
पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (IPS) के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप के कुशल मार्गदर्शन में CSP श्रीमती कविता ठाकुर के नेतृत्व में थाना जांजगीर पुलिस ने आरोपी सोनू को तमिलनाडु से पकड़ने में सफलता हासिल की। आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ करने पर जुर्म स्वीकार किए जाने से विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।
उपरोक्त कार्यवाही में उपनिरीक्षक सत्यम चौहान, ASI राम प्रसाद बघेल, आरक्षक हजारी लाल मेरसा और डीकेश्वर का सराहनीय योगदान रहा।
प्रकरण के आरोपी अनुराग राठौर, अंशुल गुहा, ऋषि चौहान और सतीश सोनवानी को पूर्व में गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा जा चुका है।



