Vedant Samachar

बालको स्थित नेहरू गार्डन में मिला ‘साँपों का राजा’ — अहिराज सर्प, सर्पमित्र ने किया सुरक्षित रेस्क्यू

Vedant samachar
2 Min Read

कोरबा, 12 जुलाई (वेदांत समाचार)। बालको के सुप्रसिद्ध नेहरू उद्यान में जहाँ प्रतिदिन सैकड़ों की संख्या में लोग शाम को परिवार और मित्रों के साथ घूमने आते हैं, वहीं शुक्रवार शाम एक काले-पीले रंग का साँप दिखाई देने से लोगों में हलचल मच गई। उपस्थित एक सजग नागरिक ने तुरंत इसकी सूचना बालको के अनुभवी स्नेक रेस्क्यूअर टीनू आनंद को दी।

सूचना मिलते ही टीनू आनंद कुछ ही देर में मौके पर पहुँचे और अहिराज सर्प का सफलतापूर्वक रेस्क्यू किया। उन्होंने वहाँ मौजूद लोगों को साँपों के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी दी।

अहिराज सर्प के बारे में:

अहिराज सर्प, जिसे आम भाषा में ‘शर्मिला साँप’ भी कहा जाता है, एक विषैला साँप है। हालांकि यह स्वभाव से बहुत शांत होता है और बिना उकसावे के हमला नहीं करता। यह जंगलों और खुले क्षेत्रों में पाया जाता है। इसके शांत स्वभाव के कारण लोग अक्सर इसे नजरअंदाज कर देते हैं, लेकिन इसकी पहचान और सावधानी जरूरी है।

रेस्क्यू के पश्चात टीनू आनंद ने साँप को सुरक्षित जंगल में छोड़ दिया। उन्होंने वर्षा ऋतु में साँपों की सक्रियता को ध्यान में रखते हुए लोगों से सतर्क रहने की अपील की। साथ ही यह भी कहा कि यदि साँप काटने की घटना हो तो बिना देरी किए जिला अस्पताल जाकर तुरंत इलाज करवाना चाहिए।

टीनू आनंद पिछले 15 वर्षों से अधिक समय से बालको, कोरबा एवं ग्रामीण क्षेत्रों में साँप रेस्क्यू का कार्य कर रहे हैं। उनका एक ही उद्देश्य है —
“साँपों की रक्षा इंसानों से और इंसानों की रक्षा साँपों से।”

संपर्क: टीनू आनंद – 📞 8349838567

Share This Article