रेल प्रशासन ने गेवरारोड व आसपास के लोगों की समस्या को देखते हुए कैंसिल चल रही गाड़ी को शुरू करने का निर्णय ले लिया है। इसका लाभ क्षेत्र के लोगों को 16 जुलाई से मिलने लगेगा।
कोरबा,12 जुलाई (वेदांत समाचार)। रायपुर से कोरबा आने 11 घंटे तक कोई भी सीधी ट्रेन नहीं होने का दर्द भी यात्रियों का दूर हो जाएगा। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे बिलासपुर के सीनियर डीओएम कोचिंग अजय फ्रांसिस डेनियल ने 23 माह से कैंसिल चल रही गाड़ी संख्या 68745/68746 गेवरारोड रायपुर गेवरारोड मेमू लोकल को िरस्टोर कर दिया है। यह गाड़ी रायपुर से 16 जुलाई को दोपहर में 1.50 बजे गेवरारोड के लिए रवाना होगी और अगले दिन 17 जुलाई को सुबह 6.30 बजे गेवरारोड से रायपुर के लिए नियमित चलेगी। यह गाड़ी 2 अगस्त 2023 से कैंसिल चल रही थी। इसके चलते गेवरारोड स्टेशन से सफर करने वाले यात्रियों के लिए वर्तमान में एक बिलासपुर मेमू लोकल को छोड़कर कोई दूसरी ट्रेन नहीं थी।
ज्ञात हो कि गेवरारोड स्टेशन से दो दर्जन से अधिक गांव के लोग रेल सुविधा से वंचित हो गए थे। यात्रियों की समस्याओं को रखते हुए दैनिक भास्कर लगातार कैंसिल ट्रेन को चलाने की बात रखता रहा है। 5 जून 2025 को भी कोरबा भास्कर में इस मुद्दे को प्रभुता से उठाया था। साथ ही क्षेत्रीय जन प्रतिनिधियों के साथ रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल के माध्यम से भी इस सुविधा के लिए पहल करने का आग्रह रेल संघर्ष समिति के माध्यम से की थी। इसका परिणाम सुखद रहा है। रेल प्रबंधन ने अब 23 माह से कैंसिल रायपुर गेवरारोड रायपुर मेमू लोकल को रि-स्टोर करने का आदेश जारी कर दिया है। इस ट्रेन के मिलने से अब गेवरारोड के साथ ही साथ बीच के हॉल्ट स्टेशनों से सफर करने वाले यात्रियों को भी सुबह रायपुर जाने व वापसी में आने की राह आसान हो जाएगी।
इसलिए जरूरी थी यह गाड़ी गेवरारोड रेलवे स्टेशन कोयला डिस्पैच के मामले में अहम रोल निभाता है। इस स्टेशन से दो दर्जन से अधिक गांव व नगरीय निकाय क्षेत्र के लोग सफर करते हैं। क्षेत्र के लोगों के लिए काफी फायदेमंद गाड़ी है, क्योंकि इसमें सुबह की यात्रा शुरू करने वाले लोग शाम को वापस अपने घर इसी गाड़ी में पहुंचा करते थे। सुरक्षा व संरक्षा कार्य का हवाला देकर इस गाड़ी को कैंसिल रखा है, जो सफर वे गेवरारोड से करते थे, उसके लिए कोरबा आना पड़ता था। सड़क मार्ग भी बारिश में ठीक नहीं होने परेशानी और बढ़ गई थी।



