मध्यप्रदेश,27 फ़रवरी 2025/ शिवपुरी जिले के एक गांव में 22 फरवरी को पांच साल की बच्ची से रेप किया गया। वह लहूलुहान हालत में मिली। मासूम के चेहरे से लेकर प्राइवेट पार्ट्स तक कई जगह दांतों से काटने के निशान हैं। ग्वालियर के कमलाराजा अस्पताल के ICU में भर्ती बच्ची हर पल असहनीय दर्द से गुजर रही है।
डॉक्टर्स की टीम को उसके प्राइवेट पार्ट्स पर 28 टांके लगाने पड़े हैं। दैनिक भास्कर के पूछने पर डॉक्टरों ने बताया कि चार दिन पहले जब बच्ची को यहां लाया गया था तो जान बचाना मुश्किल लग रहा था। हालांकि, अब उसकी हालत स्थिर है।
बच्ची की हालत देखकर मां की आंखों से लगातार आंसू बह रहे हैं। उसका कहना है कि ऐसी हैवानियत करने वाले को फांसी हो या चौराहे पर खड़ा कर गोली मार दी जाए।
चार दिन से खामोश, जवाब नहीं देती
कमलाराजा अस्पताल के डॉक्टरों ने बताया कि मासूम के शरीर पर कई घाव हैं। प्राइवेट पार्ट्स पर गहरी चोटों के निशान हैं। जैसे-तैसे बच्ची को हौसला दिया और एनेस्थीसिया देकर ऑपरेशन किया। अलग से मलद्वार भी बनाया गया।
डॉक्टरों की टीम अब रोज उसके पास आती है। उसका हालचाल जानती है, लेकिन बच्ची कोई जवाब नहीं देती। खामोश रहती है। वो खुद नहीं समझ पा रही है कि आखिर उसके साथ ये क्या हो गया। करवट लेने की चाहत में थोड़ा हिलने पर भी शरीर का दर्द उसे रोने पर मजबूर कर देता है।
मां बोली- दरिंदे को चौराहे पर फांसी हो
पीड़िता की मां ने दैनिक भास्कर से बातचीत में कहा- पास ही रहने वाले एक लड़के ने बेटी के साथ यह दरिंदगी की है। बच्ची छत पर खेल रही थी। होश में आने पर उसने बताया कि वो मुझे गोद में उठाकर ले गया। इसके बाद गंदी हरकत कर पीटा। इतना कहते हुए मासूम की मां रोने लगी।
जान बची लेकिन हालत अब भी नाजुक
डॉक्टरों की टीम ने दो घंटे ऑपरेशन कर बच्ची की जान तो बचा ली लेकिन उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। ऑपरेशन पीडियाट्रिक सर्जन डॉ. विनय माथुर, डॉ. चित्रांगद और स्त्री रोग विभाग के विशेषज्ञों की टीम ने किया।
गजराराजा मेडिकल कॉलेज ग्वालियर के डीन डॉ. आरकेएस धाकड़ ने बताया कि बच्ची का प्राइवेट पार्ट और मलद्वार बहुत बुरी तरह से क्षतिग्रस्त थे। उसकी कोलोस्टॉमी भी की गई। बच्ची की बड़ी आंत को काटकर पेट पर अलग मलद्वार बनाया गया।
बाल खींचकर दीवार पर कई बार सिर पटका
वारदात 22 फरवरी को शिवपुरी जिले के दिनारा थाना क्षेत्र के एक गांव की है। 5 साल की मासूम बच्ची को साढ़े 17 साल का लड़का शराब के नशे में छत से उठाकर पास के ही एक सूने मकान में ले गया। यहां उसके साथ दरिंदगी की।
जानकारी के मुताबिक, उसने दुष्कर्म के दौरान कई बार बच्ची का सिर दीवार पर पटका। इस बीच बच्ची के छोटे भाई और अन्य कुछ बच्चों ने आरोपी को देख लिया। वे चीखने लगे तो वह मासूम को छोड़कर भाग निकला।
इस बीच मां अपनी बेटी को तलाश रही थी, क्योंकि दो घंटे से ज्यादा समय से वह गायब थी। बच्ची का पिता झांसी से इलाज कराकर लौट रहा था। इस मामले में पुलिस ने नाबालिग बाल अपचारी को गिरफ्तार कर लिया है।
मासूम को पहले शिवपुरी में भर्ती कराया गया था, फिर ग्वालियर रेफर कर दिया गया।
स्थानीय लोगों ने फांसी देने की मांग की
5 साल की मासूम से दुष्कर्म की वारदात को लेकर स्थानीय लोगों में आक्रोश है। सोमवार को स्थानीय नागरिकों के साथ बीजेपी और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट का घेराव किया। कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन देकर दोषी को फांसी देने की मांग की।