कोरबा,09जुलाई(वेदांत समाचार)। जिले के पसान रेंज के सेमहरा सर्किल में पांच हाथियों का दल आ धमका है। हाथियों का यह दल क्षेत्र में आने के बाद गांव में घूसने का प्रयास किया लेकिन ग्रामीणों ने जंगल की ओर खदेड़ दिया। वर्तमान में हाथियों का दल यहां के जंगल में विचरण कर रहा है। हाथियों का दल केंदई रेंज के कापा नवापारा क्षेत्र से बनिया गांव के रास्ते पहुंचा है। हाथियों के अचानक आने से वन स्टाप की परेशानी बढ़ गई है। वन अमला हाथियों की निगरानी करने के साथ सेमहरा व आसपास के गांवों में मुनादी कराकर ग्रामीणों को सतर्क कर दिया है। हाथियों ने तत्काल यहां कोई नुकसान नहीं पहुंचाया है। इसकी संभावना को देखते हुए वन विभाग विशेष सतर्कता बरत रहा है।
एतमा नगर रेंज के मड़ई सर्किल में 27 हाथियों का दल लगातार विचरण कर रहा है। जिससे ग्रामीण भयभीत है। वहीं जटगा रेंज में 14 हाथियों की मौजूदगी काफी समय से बनी हुई है। हाथियों का यह दल जंगल ही जंगल विचरण कर रहा है लेकिन राहत की बात यह है कि लंबे समय से क्षेत्र में मौजूदगी के बावजूद आबादी की ओर दल नहीं आ रहा है। फलस्वरूप कोई घटनाएं नहीं घटित हुई है। वहीं कोरबा वनमंडल के कुदमुरा रेंज में भी दो दंतैल हाथी गीत कुंवारी के जंगल के कक्ष क्रमांक 1106 घूम रहे हैं। वन विभाग हाथियों की निगरानी करने के साथ ग्रामीणों को सतर्क करने के अभियान में जुट गया है।



