Vedant Samachar

बड़ा हादसा : बाइक धू-धू कर जल उठी,हादसे के दौरान पेट्रोल पंप पर अफरा-तफरी मच गई…

Vedant Samachar
2 Min Read
कर्मचारियों की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा

रायगढ़,02जुलाई(वेदांत समाचार)। रायगढ़ जिले के खरसिया में मंगलवार शाम एक बड़ा हादसा उस वक्त टल गया जब एक युवक अपनी नई बाइक में पेट्रोल भरवाने के कुछ ही सेकंड बाद उसकी बाइक धू-धू कर जल उठी। यह घटना खरसिया के सेवकराम फ्यूल्स पेट्रोल पंप की है। हादसे के दौरान पेट्रोल पंप पर अफरा-तफरी मच गई, लेकिन कर्मचारियों की सतर्कता और तुरंत कार्रवाई के चलते एक भीषण आगजनी से बचाव हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवक ने बाइक में पेट्रोल डलवाया ही था

कि अचानक उसमें शॉर्ट सर्किट या किसी अन्य तकनीकी गड़बड़ी के कारण आग लग गई। कुछ ही पलों में बाइक आग के गोले में तब्दील हो गई। कर्मचारियों ने दिखाई सूझबूझ पेट्रोल पंप कर्मचारियों ने बिना घबराए तत्परता दिखाते हुए जलती बाइक को फ्यूल डिस्पेंसर और अन्य वाहनों से दूर खींचा और फायर एक्सटिंग्विशर की मदद से आग बुझाने की कोशिश की। हालांकि तब तक बाइक पूरी तरह जल चुकी थी। इस हादसे में कोई भी व्यक्ति घायल नहीं हुआ, लेकिन बाइक पूरी तरह खाक हो गई। घटनास्थल पर मौजूद लोगों ने कर्मचारियों की समय रहते की गई कार्रवाई की सराहना की और राहत की सांस ली कि आग पेट्रोल पंप तक नहीं पहुंच पाई।

फायर सेफ्टी इंतजाम की प्रशंसा स्थानीय प्रशासन ने भी पेट्रोल पंप पर मौजूद कर्मचारियों की तत्परता की सराहना की और इसे फायर सेफ्टी प्रशिक्षण का अच्छा उदाहरण बताया। मामले की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और प्रारंभिक जांच के बाद माना जा रहा है कि आग का कारण शॉर्ट सर्किट हो सकता है। फिलहाल नुकसान सिर्फ वाहन तक सीमित रहा, लेकिन अगर थोड़ी भी देरी होती तो एक बड़ा हादसा हो सकता था। घटना के बाद स्थानीय लोगों से अपील की गई है कि वे अपने दोपहिया वाहनों की नियमित जांच कराते रहें ताकि इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।

Share This Article