Vedant Samachar

’अंतर्राष्ट्रीय नशा व मादक पदार्थ निषेध दिवस’ पर जनजागरूकता हेतु डाक विभाग ने जारी किया विशेष विरूपण

Vedant samachar
3 Min Read
  • स्वस्थ, जागरूक और नशा मुक्त समाज उन्नत राष्ट्र हेतु जरूरी- पोस्टमास्टर जनरल कृष्ण कुमार यादव

लखनऊ, 26 जून (वेदांत समाचार)। “अंतर्राष्ट्रीय नशा व मादक पदार्थ निषेध दिवस” पर लोगों को नशे के ख़तरों और मादक पदार्थों के प्रति सचेत करने और किसी भी प्रकार के नशे से दूर रहने हेतु जनजागरूकता के क्रम में भारतीय डाक विभाग ने 26 जून को एक विशेष विरूपण (Special Cancellation) जारी किया। उत्तर गुजरात सह सौराष्ट्र एवं कच्छ परिक्षेत्र के पोस्टमास्टर जनरल कृष्ण कुमार यादव ने मेहसाणा में इसे जारी किया, बताया कि गुजरात के सभी प्रधान डाकघरों में यह विशेष विरूपण जारी किया गया। इसे विशेष मुहर के रूप में स्पीड पोस्ट, रजिस्टर्ड पत्र, पार्सल सहित सामान्य पोस्टकार्ड, अंतर्देशीय पत्र और लिफाफों पर अंकित कर लोगों को जागरूक किया गया। वहीं, डाकियों ने भी डाक बाँटने के साथ लोगों को नशे से दूर रहने और इससे होने वाले नुकसानों के प्रति सचेत किया।

पोस्टमास्टर जनरल कृष्ण कुमार यादव ने कहा कि, नशा केवल एक व्यक्ति की जिंदगी नहीं बिगाड़ता, बल्कि पूरे परिवार की खुशियों और समाज की शांति को भी छीन लेता है। उन्होंने लोगों से अपील भी की कि, अंतर्राष्ट्रीय नशा व मादक पदार्थ निषेध दिवस के अवसर पर हम सब यह दृढ़ संकल्प लें कि हम एक स्वस्थ, जागरूक और नशा मुक्त समाज के निर्माण की दिशा में मजबूती से आगे बढ़ेंगे।

पोस्टमास्टर जनरल कृष्ण कुमार यादव ने बताया कि 1987 में, संयुक्त राष्ट्र महासभा ने 26 जून को इस दिवस के रूप में घोषित किया था। वर्ष 2025 के लिए इस दिवस की थीम- “बाधाओं को तोड़नाः सभी के लिए रोकथाम, उपचार और पुनर्प्राप्ति” है ।

पोस्टमास्टर जनरल कृष्ण कुमार यादव ने कहा कि नशा मुक्ति के लिए सबसे जरुरी यह है, कि हम स्वयं इसके प्रति जागरूक बनें तथा इसे अपनी जिम्मेदारी समझकर अपने तथा समाज के सभी लोगों को इस समस्या से मुक्त कराएं। अंतर्राष्ट्रीय नशा व मादक पदार्थ निषेध दिवस मनाना तभी सार्थक हो सकता है जब एक जागरूक समाज के रूप में हम सब एक साथ मिल कर इस बुराई के विरुद्ध सामूहिक प्रयास करें।

Share This Article