Vedant Samachar

छत्तीसगढ़: आज प्रदेश के सभी जिलों में यलो अलर्ट, कई जगहों पर तेज बारिश से जलभराव हप्तेभर ऐसा ही रहेगा मौसम…

Vedant Samachar
3 Min Read

रायपुर,26जून(वेदांत समाचार) । प्रदेश में मानसून सक्रिय हो गया है। रायपुर और दुर्ग में देर रात से सुबह तक तेज बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने 15 जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। यहां गरज-चमक के साथ भारी बारिश हो सकती है। बिजली गिर सकती है। 60 किमी की रफ्तार से हवा चल सकती है। रायपुर में तेज पानी बरस रहा है। कई निचले इलाकों में जल भराव हो गया है। वहीं प्रदेश के उत्तरी हिस्सों के 7 जिलों और अन्य सभी जिलों में गरज चमक के साथ बिजली गिरने का यलो अलर्ट है। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक हफ्तेभर बारिश की एक्टिविटी जारी रहेगी।

उत्तरी हिस्से के 7 और 15 जिले में ऑरेंज अलर्ट

उत्तर छत्तीसगढ़ के 7 जिले मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर, कोरिया, सूरजपुर, बलरामपुर रामानुजगंज, सरगुजा, जशपुर और रायगढ़ में यलो अलर्ट है। वहीं बलौदा बाजार, महासमुंद, गरियाबंद, धमतरी, कोंडागांव, रायपुर, कांकेर, बालोद, दुर्ग, बेमेतरा, मुंगेली, कबीरधाम, खैरागढ़, राजनांदगांव और मोहला-मानपुर में अंधड़ चलेगी, बौछारें पड़ेंगी।

कोरिया में 70 मिलीमीटर बरसा पानी

पिछले 24 घंटे की बात करें तो 24 से अधिक जिलों में 78 से ज्यादा जगहों पर बारिश हुई है। औसतन बारिश 26.03 MM दर्ज की गई है। सबसे अधिक बारिश 70 MM कोरिया जिले में हुई है। वहीं सबसे अधिक तापमान 32.5 डिग्री सेल्सियस रायपुर माना का रहा। कोरबा जिले के कुसमुंडा के इमलीछापर चौक पर निर्माणाधीन ओवरब्रिज के पास बारिश में जलजमाव के कारण सड़क का हाल तालाब जैसा हो गया है।

रायगढ़ में भी बुधवार शाम से मौसम बदला और देर रात तक बारिश हुई।

सामान्य से 32% कम बरसा पानी

1 जून से अब तक यानी 26 जून तक प्रदेश में एक्चुअल बारिश 93.01 मिलीमीटर दर्ज की गई है। जबकि सामान्य तौर पर इस महीने में अब तक 136.2 MM बारिश हो जानी चाहिए थी। इस लिहाज से करीबन 32% कम पानी प्रदेश में बरसा है। लेकिन पिछले एक सप्ताह की बात करें तो प्रदेश में 59.9 MM बारिश हुई है। नॉर्मल कंडीशन में 19 जून से लेकर 25 जून तक 66.6 MM बारिश प्रदेश में होनी चाहिए। यानी आखिरी 7 दिन में सिर्फ 10% ही कम बारिश हुई है। पूरे महीने के अनुपात में यह आंकड़ा बेहतर है। ऐसे में कहा जा सकता है कि पिछले 7 दिनों में मानसून ने रफ्तार पकड़ी है।

Share This Article