कोरबा। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) द्वारा सत्र 2025–26 का कक्षा 10वीं परीक्षा परिणाम घोषित कर दिया गया है। इस वर्ष डी.डी.एम. पब्लिक स्कूल के विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए शैक्षणिक उपलब्धियों का नया आयाम स्थापित किया है। विद्यालय का परीक्षा परिणाम शत-प्रतिशत रहा, जो गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, अनुशासित वातावरण और सतत मार्गदर्शन का प्रत्यक्ष प्रमाण है।
विद्यालय के अनेक विद्यार्थियों ने 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त कर मेरिट सूची में स्थान बनाया, वहीं बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने प्रथम श्रेणी में सफलता अर्जित कर विद्यालय का नाम रोशन किया। प्रमुख मेधावी विद्यार्थियों में आशी अग्रवाल ने 96.4 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं प्रांजल साहू ने 94 प्रतिशत अंक के साथ द्वितीय तथा गौरव पांडेय ने 90.4 प्रतिशत अंक प्राप्त कर तृतीय स्थान प्राप्त किया।
इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर विद्यालय के संस्थापक के.एन. सिंह ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि विद्यालय का उद्देश्य केवल परीक्षा में सफलता दिलाना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों को जीवन के हर क्षेत्र में सक्षम और आत्मनिर्भर बनाना है। उन्होंने इस सफलता का श्रेय विद्यार्थियों की मेहनत, शिक्षकों के समर्पण और अभिभावकों के सहयोग को दिया।
विद्यालय के सीईओ अमर नारायण सिंह ने कहा कि डी.डी.एम. पब्लिक स्कूल सदैव विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध रहा है। यह सफलता शिक्षकों की लगन और विद्यार्थियों के अनुशासित प्रयासों का परिणाम है। उन्होंने भविष्य में भी आधुनिक शिक्षा और नैतिक मूल्यों के समन्वय से विद्यार्थियों को नई ऊँचाइयों तक पहुंचाने की बात कही।
प्राचार्या रिंकू बैरागी ने सभी सफल विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि यह परिणाम विद्यार्थियों की लगन, नियमितता और आत्मविश्वास का परिचायक है। उन्होंने कहा कि शिक्षकों के परिश्रम, अभिभावकों के सहयोग और विद्यार्थियों के दृढ़ संकल्प से ही यह सफलता संभव हो पाई है।
विद्यालय परिवार ने सभी विद्यार्थियों, अभिभावकों एवं शिक्षकों को इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं तथा विश्वास जताया है कि भविष्य में भी विद्यालय के विद्यार्थी सफलता के नए कीर्तिमान स्थापित करते रहेंगे।


