कोरबा,05 जून (वेदांत समाचार)। जिले के बांकीमोंगरा थाना क्षेत्र में मालवाहक वाहन पलटने से 10 से ज्यादा लोग घायल हो गए। घटना 4 जून बुधवार को शुक्लाखार के पास हुई जब वाहन का बैलेंस बिगड़ने से हादसा हुआ। वाहन में 25 लोग सवार थे जो शादी समारोह से लौट रहे थे।
घायलों में महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं। सभी घायलों को कटघोरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। पुलिस के मुताबिक, शुक्लाखार मोड़ पर वाहन पलटने की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचकर स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। फिलहाल सभी की स्थिति खतरे से बाहर है।
बांकीमोंगरा थाना प्रभारी तेज यादव के मुताबिक, चौथिया कार्यक्रम से लौटते समय यह घटना हुई। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है। यातायात विभाग मालवाहक वाहनों में अवैध यात्री परिवहन पर कार्रवाई कर रहा है और चालकों से जुर्माना वसूल रहा है।




