5 साल परमाणु प्रोग्राम रोकने का प्रस्ताव था ईरान का, अमेरिका 20 साल पर अड़ा रहा; गुरुवार तक दूसरे दौर की वार्ता संभव

वॉशिंगटन, 14 अप्रैल । ईरान और अमेरिका के बीच पाकिस्तान में हुई वार्ता में ईरान ने 5 साल तक यूरेनियम संवर्धन रोकने का प्रस्ताव दिया था। लेकिन अमेरिका 20 साल की शर्त पर अड़ा रहा। इस असहमति के कारण दोनों देशों के बीच कोई समझौता नहीं हो सका।

न्यूयॉर्क टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने ईरान के प्रस्ताव को खारिज कर दिया। इसके तुरंत बाद अमेरिका ने होर्मुज स्ट्रेट में ईरानी बंदरगाहों की सैन्य नाकाबंदी शुरू कर दी। अमेरिकी सेना ने साफ किया कि ईरान के बंदरगाहों से आने-जाने वाले जहाजों को रोका जाएगा, हालांकि अन्य देशों के जहाजों को गुजरने की अनुमति दी जाएगी।

नाकाबंदी लागू होने के बाद ईरान ने कड़ी प्रतिक्रिया दी। रिवोल्यूशनरी गार्ड्स ने नए तरीके से युद्ध करने की चेतावनी दी, जबकि सैन्य प्रवक्ता इब्राहिम जोलफघारी ने कहा कि फारस की खाड़ी और ओमान सागर का कोई भी बंदरगाह सुरक्षित नहीं रहेगा।

नाकाबंदी पर अमेरिका को यूरोपीय देशों का समर्थन नहीं

नाकाबंदी पर अमेरिका को अंतरराष्ट्रीय समर्थन नहीं मिला। कई यूरोपीय देशों ने नाकाबंदी में शामिल होने से इनकार कर दिया, वहीं एक ईरानी टैंकर ने नाकाबंदी को चुनौती देते हुए रास्ता पार किया।

होर्मुज स्ट्रेट दुनिया के लिए बेहद अहम समुद्री मार्ग है, जहां से करीब 20% तेल सप्लाई होती है। इससे पहले ईरान ने भी यहां पश्चिमी जहाजों की आवाजाही रोक दी थी।

लगातार बढ़ते तनाव का असर तेल बाजार पर भी दिख रहा है। फरवरी के अंत से शुरू हुए संघर्ष के बाद कीमतों में 50% तक उछाल आया है। सोमवार को ब्रेंट क्रूड 102 डॉलर प्रति बैरल तक पहुंचा और बाद में करीब 99 डॉलर पर आ गया।

पाकिस्तान ने अमेरिका-ईरान में दूसरे दौर की मेजबानी का ऑफर दिया
पाकिस्तान ने अमेरिका और ईरान के बीच दूसरे दौर की बातचीत की मेजबानी का ऑफर दिया है। यह वार्ता सीजफायर खत्म होने से पहले इस्लामाबाद में हो सकती है।

दो पाकिस्तानी अधिकारियों के मुताबिक पाकिस्तान ने अगली वार्ता अपने यहां कराने की पेशकश की है। हालांकि स्थान का अंतिम फैसला अमेरिका और ईरान की सहमति पर निर्भर करेगा।

अधिकारियों ने बताया कि पहली बातचीत भले ही बिना किसी समझौते के खत्म हुई, लेकिन इसे जारी कूटनीतिक प्रक्रिया का हिस्सा माना जा रहा है और बातचीत आगे भी जारी रखने की कोशिश हो रही है।

अमेरिका-ईरान में गुरुवार तक दूसरे दौर की वार्ता संभव
अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव के बीच कूटनीतिक बातचीत की कोशिशें जारी हैं। दोनों देशों के बीच गुरुवार तक दूसरे दौर की आमने-सामने वार्ता होने की संभावना जताई जा रही है।

पिछले हफ्ते इस्लामाबाद में पहली बैठक बिना किसी समझौते के खत्म हो गई थी, लेकिन अधिकारियों के मुताबिक बातचीत के दरवाजे अभी बंद नहीं हुए हैं और अगली बैठक को लेकर चर्चा चल रही है।

AP की रिपोर्ट में कहा गया है कि दोनों पक्ष नए सिरे से आमने-सामने बातचीत पर विचार कर रहे हैं, ताकि संघर्ष को खत्म कर समझौते तक पहुंचा जा सके। रिपोर्ट्स के मुताबिक इस्लामाबाद और जेनेवा संभावित स्थान हैं। हालांकि बातचीत की तारीख और स्थान तय नहीं हुआ है, लेकिन यह गुरुवार तक हो सकती है।

अमेरिका में आज इजराइल-लेबानन की सीजफायर वार्ता
अमेरिका में आज इजराइल और लेबनान के बीच सीजफायर पर अहम बातचीत होगी। यह बैठक वॉशिंगटन डीसी में होगी।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, अमेरिका इस वार्ता में मध्यस्थ की भूमिका निभा रहा है। इस बातचीत का मकसद लेबनान सीमा पर हिंसा कम करना और स्थायी युद्धविराम की तरफ बढ़ना है।

हालांकि, इजराइली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू पहले ही कह चुके हैं कि लेबनान में ईरान समर्थक उग्रवादी संगठन हिजबुल्लाह के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी।

वहीं, ईरान का कहना है कि इजराइल को लेबनान में तुरंत हमले रोकने होंगे, क्योंकि सीजफायर समझौते की एक शर्त है कि लेबनान पर हमले नहीं होंगे।

पिछले 24 घंटे के 5 बड़े अपडेट्स

ट्रम्प की धमकी- डोनाल्ड ट्रम्प ने चेतावनी दी कि जो भी ईरानी जहाज अमेरिकी नाकाबंदी के पास आएगा, उसे तुरंत और सख्ती से तबाह कर दिया जाएगा।
भारतीय जहाजों की मदद- ईरान ने कहा कि वह भारत के जहाजों को होर्मुज स्ट्रेट से सुरक्षित निकालने में मदद करेगा, बातचीत जारी है।
ट्रम्प से बहस से इनकार- पोप लियो ने ट्रम्प से बहस से इनकार करते हुए कहा कि उनका काम राजनीति नहीं, बल्कि दुनिया में शांति फैलाना है।
ईरान की चेतावनी- ईरान ने चेतावनी दी कि अगर उसके बंदरगाहों पर हमला हुआ, तो फारस की खाड़ी और ओमान सागर में कोई भी पोर्ट सुरक्षित नहीं रहेगा।
फिर सीजफायर वार्ता की उम्मीद- पाकिस्तान ने उम्मीद जताई कि अमेरिका और ईरान के बीच सीजफायर वार्ता फिर शुरू हो सकती है और अगली मीटिंग में कोई ठोस नतीजा निकल सकता है।