Vedant Samachar

सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल के साथ कुवैत गए गुलाम नबी आजाद की बिगड़ी तबीयत, अस्पताल में भर्ती

Vedant samachar
2 Min Read

जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री और डेमोक्रेटिक प्रोग्रेसिव आजाद पार्टी के अध्यक्ष गुलाम नबी आजाद को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मंगलवार को भारतीय सांसदों के सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल के कुवैत दौरे के दौरान उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई।

बीजेपी सांसद बिजयंत जय पांडा ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि आजाद फिलहाल चिकित्सकीय निगरानी में हैं। पांडा इस प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व कर रहे हैं। उन्होंने एक्स पर पोस्ट में कहा, ‘हमारी प्रतिनिधिमंडल की यात्रा के बीच गुलाम नबी आजाद को अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा है। उनकी हालत स्थिर है। वह मेडिकल निगरानी में हैं और उनकी जांच होनी है।’

बिजयंत पांडा ने कहा कि बहरीन और कुवैत में हुई बैठकों में गुलाम नबी आजाद का योगदान अत्यंत प्रभावशाली रहा। वह बिस्तर पर होने के कारण निराश हैं। उन्होंने आगे कहा, ‘हमें सऊदी अरब और अल्जीरिया में उनकी अनुपस्थिति बहुत खलेगी।’ पांडा मंगलवार को प्रतिनिधिमंडल के साथ सऊदी की राजधानी पहुंचे। इस यात्रा के दौरान प्रतिनिधिमंडल विभिन्न राजनीतिक हस्तियों, सरकारी अधिकारियों, विचारकों और भारतीय समुदाय के सदस्यों के साथ बातचीत करेगा।

मुस्लिम बहुल देशों को क्या संदेश

भारत मुस्लिम बहुल देशों को यह बात समझाने की कोशिश कर रहा है कि सिर्फ इसलिए कि पाकिस्तान एक मुस्लिम बहुल देश है, उसे भारत के खिलाफ उसके कृत्यों के लिए दोषमुक्त नहीं किया सकता। सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल पश्चिम एशिया के देशों में प्रमुख सरकारी और राजनीतिक हस्तियों के साथ बातचीत कर रहा है। साथ ही, विमर्श को आकार देने के लिए भारतीय प्रवासियों से जुड़ने का भी ठोस प्रयास जारी है। पांडा ने बहरीन में भारतीय दूतावास में सभा को संबोधित करने के बाद कहा, ‘भारतीय प्रवासी सबसे प्रभावशाली समुदायों में से एक बन गए हैं, वे भारत की सॉफ्ट पावर का प्रतिनिधित्व करते हैं। हम उन्हें कुछ बिंदुओं के बारे में समझाना चाहते हैं ताकि वे उन्हें आगे बढ़ाने में मदद कर सकें।’ बहरीन में करीब 3.5 लाख भारतीय रहते हैं, जबकि इस देश में रहने और काम करने वाले पाकिस्तानियों की संख्या इससे लगभग आधी है।

Share This Article