चंडीगढ़,25मई 2025: चंडीगढ़ पुलिस विभाग अब टेक्नोलॉजी के क्षेत्र में एक और कदम आगे बढ़ाते हुए 1 जून 2025 से फेस आईडी आधारित अटेंडेंस सिस्टम लागू करने जा रहा है। इस नई व्यवस्था के तहत अब विभाग के करीब 7,000 पुलिसकर्मियों को समय पर ड्यूटी पर उपस्थित होना अनिवार्य होगा, क्योंकि उनकी हाजिरी अब चेहरे की पहचान के माध्यम से दर्ज की जाएगी।
स्मार्टफोन ऐप से हाजिरी, GPS से लोकेशन ट्रैकिंग
इस प्रणाली के लिए सभी पुलिसकर्मियों को एक विशेष मोबाइल एप्लिकेशन डाउनलोड करना होगा, जिसमें उनकी फेस आईडी प्रोफाइल बनाई जाएगी। ड्यूटी पर पहुंचने के बाद जवानों को उसी ऐप के माध्यम से अपनी उपस्थिति दर्ज करनी होगी। सबसे खास बात यह है कि अटेंडेंस के साथ-साथ उनकी लोकेशन भी GPS के जरिये ट्रैक होगी, जिससे यह सुनिश्चित किया जा सकेगा कि कर्मचारी वास्तव में ड्यूटी स्थल पर मौजूद हैं।
वरिष्ठ अधिकारी भी अब होंगे जवाबदेह
अब तक यह सुविधा केवल पुलिस मुख्यालय तक सीमित थी, जहां पर कुछ चुनिंदा जवान ही बायोमेट्रिक हाजिरी लगाते थे। लेकिन इस बार विभाग ने बड़ा कदम उठाते हुए सभी रैंक के अधिकारियों को भी इसके दायरे में शामिल कर लिया है। एसपी हेडक्वार्टर मंजीत श्योराण द्वारा सभी थानों को इस संबंध में सर्कुलर जारी कर दिया गया है।
ट्रैफिक विंग की प्रणाली अब पूरे विभाग में लागू
ट्रैफिक विंग में पहले से लागू सेल्फी-बेस्ड अटेंडेंस सिस्टम की तर्ज पर अब पूरी चंडीगढ़ पुलिस को फेस अटेंडेंस देना होगा। यह कदम अनुशासन और पारदर्शिता बढ़ाने की दिशा में एक अहम प्रयास माना जा रहा है।
अनुपस्थिति पर होगी कड़ी कार्रवाई
नई व्यवस्था के तहत अगर कोई पुलिसकर्मी अपनी अटेंडेंस दर्ज नहीं करता है, तो उसे अनुपस्थित माना जाएगा। यह नियम अब सिर्फ मुख्यालय ही नहीं, बल्कि फील्ड ड्यूटी कर रहे कर्मचारियों पर भी लागू होगा। इससे न केवल समय की पाबंदी सुनिश्चित होगी, बल्कि पूरे बल में जवाबदेही की भावना भी मजबूत होगी।



