जगन्नाथ यात्रा के रथ में उतरा करंट, एक श्रद्धालु की मौत, 20 से ज्यादा झुलसे... - vedantsamachar.in

जगन्नाथ यात्रा के रथ में उतरा करंट, एक श्रद्धालु की मौत, 20 से ज्यादा झुलसे…

मेरठ , 25जुलाई। परीक्षितगढ़ कस्बा स्थित ओम पब्लिक स्कूल से शुक्रवार दोपहर शुरू हुई जगन्नाथ यात्रा हादसे का शिकार हो गई। राजवाहे की पटरी पर चढ़ते ही रथ का कलश एचटी लाइन के तारों से टकरा गया। कलश में करंट दौड़ऩे में ड्राइविंग सीट पर बैठे एक श्रद्धालु की मौत हो गई और उसमें सवार व धकेल रहे 20 से अधिक श्रद्धालु करंट लगने से झुलस गए। हादसे का शिकार महिलाएं व साधु-संत भी हुए। इस बीच मची अफरातफरी से झुलसे लोगों को कस्बा के निजी व सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया।डीएम डा. विजय सिंह व एसएसपी अविनाश पांडेय घटना स्थल पर पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली। साथ ही अस्पताल में पीड़ितों का हाल भी जाना।

परीक्षितगढ़ कस्बे में पिछले छह सालों से जगन्नाथ यात्रा निकाली जा रही है। सातवीं बार यात्रा का शुभारंभ रजवाहे की पटरी किनारे स्थित ओम पब्लिक स्कूल से शुक्रवार दोपहर दो बजे किया गया। रथ फूलमालाओं से सजा था और श्रद्धालु बैंडबाजों की धुन पर भावविभोर थे। इसी बीच कुछ श्रद्धालुओं ने रथ के रस्से को खींचना शुरू कर दिया तो कुछ धक्का देने लगे। जैसे ही रथ रजवाहे की पटरी पर चढ़ा तो रथ का कलश एचटी लाइन के तारों में उलझ गया। एक तेज धमाके के साथ रथ में दौड़े करंट की चपेट में आकर ड्राइविंग सीट पर बैठे 25 वर्षीय सचिन प्रजापति पुत्र नंदकिशोर निवासी मुहल्ला गंधार दरवाजा की झुलसकर मौत हो गई, जबकि 20 से अधिक श्रद्धालु झुलस गए।हादसे के बाद अफरातफरी मच गई। लोगों ने एंबुलेंस व निजी वाहनों से कस्बे में पल्सकेयर अस्पताल में 30 वर्षीय गुड्डी, मुध 32 वर्ष, महाराज राजेश मिश्रा 56 वर्षीय निवासी वृंदावन, चेतन सैनी निवासी कस्बा, मोहित और साधु भरतदास निवासी लखीमपुर खीरी को भर्ती कराया।

जबकि प्रियांशु गुप्ता 26 वर्षीय औरंगाबाद भावनपुर, विवेक गुप्ता पुत्र अरविंद निवासी पता उपरोक्त, विशेष धामा पुत्र सुनील निवासी अहमदपुरी, शिवम यादव निवासी गंधार दरावाजा, यश गुप्ता पुत्र राजकुमार निवासी पूठी दरवाजा, मनीष शर्मा पुत्र अनिल निवासी रसूलपुर आदि को बालाजी अस्पताल में भर्ती कराया, जबकि सीएचसी अस्पताल में भी कुछ लोगों को भर्ती कराया। कुछ को मेरठ के लिए रेफर कर दिया।घटना के बाद आसपास कालोनी के लोग जमा हो गए। एसपी देहात अभिजीत कुमार, सीओ पंकज लवानिया, एसडीएम मवाना संतोषकुमार सिंह पहुंच गए। अफसरों ने आक्रोशित लोगों को समझाकर शांत किया। डीएम डॉ. विजय कुमार सिंह व एसएसपी अविनाश पांडेय घटना स्थल पर पहुंच गए और घटना स्थल का निरीक्षण कर अस्पताल में पहुंचकर पीड़ितों का हाल जाना और आवश्यक दिशा निर्देश दिए।

डीएम डा विजय कुमार सिंह की मौजूदगी में बिजली विभाग के एक्सईएन कुमार विकल व एसडीओ शांतनु ने एचटी लाइन के तारों की ऊंचाई की माप कराई तो लगभग 18 फीट थी। जबकि रथ की ऊंचाई भी लगभग 18 फीट ही थी। रथ सजाकर स्कूल से रजवाहे की पटरी पर पहुंचा तो कलश 11 हजार केवीए के तारों से उलझ गया। तेज धमाकों के साथ कलश में करंट दौड़ा। उसके बाद पूरे रथ में करंट दौड़ गया। सभी श्रद्धालु नंगे पैर होने की वजह से चपेट में आ गए।इस बीच लाइन कट गई। यात्रा आयोजक अतुल शर्मा व संजीव शर्मा ने बताया कि 18 जुलाई को कलश यात्रा के साथ भागवत कथा शुरू हो गई थी, जिसका समापन गत दिवस हो गया। शुक्रवार को भगवान जगन्नाथ की यात्रा निकलाने की तैयारी थी, लेकिन शुरू होने से पहले ही हादसा हो गया। सचिन चार भाई बहनों में सबसे बड़ा था और महनत मजदूरी कर परिवार की जीविका चला रहा था। वह धार्मिक विचारों का होने के चलते धर्म के कार्यक्रम में भाग लेता था। उसकी मौत से स्वजन में कोहराम मच गया। मां सुशीला, भाई विशाल, बहन प्राची और विशाका का रो-रोकर बुरा हाल था। जबकि उक्त हादसे से नगर में मातम छा गया। बिजली विभाग व अन्य अधिकारी हादसे की जांच कर रहे हैं और जो भी निकलकर आएगा उसके अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।