रायपुर,24 जुलाई (वेदांत समाचार) । मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय शुक्रवार को कर्नाटक दौरे के लिए रवाना हुए। रवाना होने से पहले उन्होंने मीडिया से बातचीत में समान नागरिक संहिता (UCC), पेपर लीक मामले और कांग्रेस के अनिश्चितकालीन धरने सहित कई अहम मुद्दों पर अपनी प्रतिक्रिया दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में जल्द ही UCC लागू हो सकता है, जबकि कानून हाथ में लेने वालों पर कार्रवाई होना तय है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बताया कि उनका आज कर्नाटक दौरा निर्धारित है।
वहां सत्य साईं ग्राम के स्वर्ण जयंती समारोह में शामिल होंगे। इसके अलावा विभिन्न क्षेत्रों के प्रबुद्धजनों से भी मुलाकात का कार्यक्रम तय है। पेपर लीक मामले पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बयान का स्वागत करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री ने इस गंभीर विषय को प्राथमिकता दी है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार लगातार कार्रवाई कर रही है और दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
रायपुर में कांग्रेस के अनिश्चितकालीन धरने पर प्रतिक्रिया देते हुए मुख्यमंत्री साय ने कहा कि लोकतंत्र में सभी को शांतिपूर्ण प्रदर्शन का अधिकार है, लेकिन कानून अपने हाथ में लेने की अनुमति किसी को नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस कार्यकर्ता कश्मीर की तरह पत्थरबाजी पर उतर आए हैं। ऐसे मामलों में कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।

