40 वर्षों बाद फिर सजी दोस्ती की महफिल, बालको में संपन्न हुआ ‘मित्र मिलन-2’ समारोह - vedantsamachar.in

40 वर्षों बाद फिर सजी दोस्ती की महफिल, बालको में संपन्न हुआ ‘मित्र मिलन-2’ समारोह

कोरबा/बालको, 22 जून (वेदांत समाचार)। बचपन की यादों को ताजा करने और वर्षों पुरानी दोस्ती को फिर से जीवंत करने के उद्देश्य से आयोजित “मित्र मिलन-2” समारोह का भव्य आयोजन बालको नगर के मंगल भवन में 20 एवं 21 जून को किया गया। इस विशेष आयोजन में 70 और 90 के दशक के वे मित्र शामिल हुए, जिन्होंने बालको नगर के विभिन्न विद्यालयों में साथ पढ़ाई की थी और जीवन के शुरुआती सुनहरे पल एक-दूसरे के साथ बिताए थे।

करीब 40 वर्षों बाद दूसरी बार आयोजित इस मिलन समारोह में देश के विभिन्न राज्यों और शहरों से पहुंचे मित्रों ने एक-दूसरे से मुलाकात कर पुरानी यादों को साझा किया। बचपन के साथी आज जीवन के अलग-अलग क्षेत्रों में अपनी पहचान बना चुके हैं। इनमें इंजीनियर, डॉक्टर, उद्योगपति, वकील, शिक्षक, व्यवसायी, शासकीय कर्मचारी और अधिकारी शामिल रहे। हालांकि समारोह में सभी ने अपने पद और पहचान से ऊपर उठकर सिर्फ दोस्त की भूमिका निभाई।

दो दिवसीय आयोजन के दौरान मित्रों ने अपने स्कूल जीवन, खेलकूद, शरारतों और बीते दिनों के अनेक संस्मरण साझा किए। पचपन वर्ष से अधिक आयु के इन साथियों ने एक बार फिर अपने बचपन को जीते हुए पुराने दिनों को याद किया। वर्षों बाद हुई इस मुलाकात ने सभी के चेहरे पर खुशी और भावुकता दोनों के रंग बिखेर दिए।

समारोह में शामिल मित्र वर्तमान में महाराष्ट्र, दिल्ली, मध्यप्रदेश, झारखंड, उत्तर प्रदेश, बिहार, पश्चिम बंगाल, नागपुर, इंदौर, कोलकाता सहित छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों में निवासरत हैं। बावजूद इसके, बालको नगर से जुड़ी उनकी स्मृतियां आज भी उतनी ही ताजा हैं, जितनी दशकों पहले थीं।

आयोजकों ने बताया कि ऐसे कार्यक्रम न केवल पुरानी मित्रता को मजबूत करते हैं, बल्कि जीवन की व्यस्तताओं के बीच रिश्तों को संजोने का अवसर भी प्रदान करते हैं। समारोह के दौरान सांस्कृतिक गतिविधियां, परिचय सत्र और सामूहिक संवाद कार्यक्रम भी आयोजित किए गए।

कार्यक्रम के समापन पर सभी मित्र नई ऊर्जा, नई स्मृतियों और भविष्य में फिर मिलने के वादे के साथ अपने-अपने गंतव्यों के लिए रवाना हुए। मित्र मिलन-2 ने यह साबित कर दिया कि सच्ची दोस्ती समय और दूरी की सीमाओं से कहीं अधिक मजबूत होती है।