रायगढ़ में लूटपाट करने वाले तीन बदमाश गिरफ्तार, 48 घंटे में पुलिस ने बरामद किया लूटा गया मोबाइल - vedantsamachar.in

रायगढ़ में लूटपाट करने वाले तीन बदमाश गिरफ्तार, 48 घंटे में पुलिस ने बरामद किया लूटा गया मोबाइल

रायगढ़, 19 जून (वेदांत समाचार)। शहर में लूटपाट और असामाजिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए रायगढ़ पुलिस लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है। इसी क्रम में कोतवाली पुलिस ने बड़पारा शराब भट्टी के पास एक युवक से मोबाइल और नकदी लूटने वाले तीन आरोपियों को घटना के महज 48 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटा गया मोबाइल फोन भी बरामद कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी एवं नगर पुलिस अधीक्षक मयंक मिश्रा के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई। पुलिस के अनुसार इससे पहले भी शहर में हुई दो अन्य लूट की घटनाओं में आरोपियों की गिरफ्तारी कर उन्हें जेल भेजा जा चुका है।पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार बलरामपुर जिले के अखोराखुर्द निवासी 34 वर्षीय राजेश प्रसाद ने 16 जून 2026 को थाना कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। राजेश प्रसाद अंबिकापुर निवासी शिव गोयल के यहां वाहन चालक के रूप में कार्य करता है। वह अपने मालिक के निजी कार्य से रायगढ़ आया था। काम समाप्त होने के बाद उसने रेलवे स्टेशन रोड स्थित एक होटल में भोजन किया और फिर बड़पारा शराब भट्टी के पास गया।पीड़ित ने बताया कि जब वह वहां बाथरूम करने गया, तभी तीन युवकों ने उसे रोक लिया और पैसे की मांग करने लगे। विरोध करने पर आरोपियों ने उसके साथ हाथ-मुक्कों से मारपीट की।

इसी दौरान एक आरोपी ने पत्थर से उसके सिर पर हमला कर दिया। मारपीट के बाद आरोपियों ने उसकी जेब में रखे 100 रुपये नकद और रेडमी 5जी मोबाइल फोन छीन लिया और मौके से फरार हो गए।मामले की गंभीरता को देखते हुए कोतवाली पुलिस ने अपराध क्रमांक 324/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 309(6) एवं 3(5) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। थाना प्रभारी निरीक्षक सुखनंदन पटेल के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले तथा प्रत्यक्षदर्शियों और स्थानीय लोगों से पूछताछ की।जांच के दौरान पुलिस को नवीन सोनवानी, चंद्रशेखर राठिया और रोशन वैष्णव की संलिप्तता के महत्वपूर्ण सुराग मिले। इसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीनों संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पहचान परेड में पीड़ित ने तीनों आरोपियों की पहचान की पुष्टि की।

पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अपराध स्वीकार किया। उनके मेमोरेंडम कथन के आधार पर आरोपी नवीन सोनवानी के कब्जे से लूटा गया रेडमी 5जी मोबाइल फोन बरामद किया गया। पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद पुलिस ने 18 जून को तीनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।गिरफ्तार आरोपियों में बाबाधाम कॉलोनी निवासी 20 वर्षीय नवीन सोनवानी, पंजरी प्लाट निवासी 32 वर्षीय चंद्रशेखर राठिया और जेलपारा निवासी 28 वर्षीय रोशन वैष्णव शामिल हैं।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक सुखनंदन पटेल, सहायक उप निरीक्षक गौतम ठाकुर एवं कोतवाली थाना स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि जिले में लूटपाट, मारपीट और आम नागरिकों में भय का माहौल बनाने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या अपराध की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।