CG CRIME : हिस्ट्रीशीटर बदमाश सत्यप्रकाश घृतलहरे गिरफ्तार, अवैध उगाही और मारपीट के आरोप में भेजा गया जेल - vedantsamachar.in

CG CRIME : हिस्ट्रीशीटर बदमाश सत्यप्रकाश घृतलहरे गिरफ्तार, अवैध उगाही और मारपीट के आरोप में भेजा गया जेल

बिलासपुर,18 जून (वेदांत समाचार)। बिल्हा थाना क्षेत्र में अवैध उगाही, मारपीट और आम लोगों को डराने-धमकाने वाले हिस्ट्रीशीटर बदमाश सत्यप्रकाश उर्फ सत्या उर्फ प्रदीप घृतलहरे को बिल्हा पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। आरोपी पर लंबे समय से क्षेत्र में असामाजिक गतिविधियों को बढ़ावा देने, ट्रक चालकों से अवैध वसूली करने और शासन-प्रशासन को चुनौती देने के आरोप लगते रहे हैं।

पुलिस के अनुसार, आरोपी सत्यप्रकाश घृतलहरे अपने साथियों के साथ चकरभाठा और बिल्हा क्षेत्र में सक्रिय था। वह क्रेशर में कार्यरत ट्रक चालकों से शराब पीने के लिए अवैध रूप से पैसे मांगता था और विरोध करने पर उनके साथ मारपीट करता था। आरोपी और उसके साथी ग्राम पंचायत दुर्गडीह के सामने टेंट लगाकर वाहनों को रोकते थे तथा रॉयल्टी की जांच के नाम पर चालकों को परेशान कर अवैध उगाही करते थे।

मामले की शिकायत वार्ड क्रमांक 12 बिल्हा निवासी महेश शर्मा ने 17 जून को थाना बिल्हा में दर्ज कराई। शिकायत में बताया गया कि 16 जून की दोपहर आरोपी सत्यप्रकाश घृतलहरे, उसके भाई दिलेश घृतलहरे तथा अन्य साथियों ने मिलकर क्रेशर में कार्यरत ट्रक चालकों पुन्नू यादव और मोनू राजपाल के साथ मारपीट की। आरोपियों ने चालकों को जान से मारने की धमकी देते हुए कहा कि जब तक पैसे नहीं दिए जाएंगे, तब तक वाहनों का संचालन नहीं होने दिया जाएगा।

शिकायत में यह भी बताया गया कि आरोपी खुलेआम यह कहकर लोगों को धमका रहा था कि शासन-प्रशासन उसका कुछ नहीं बिगाड़ सकता और क्रेशर में चलने वाले वाहनों को रॉयल्टी देना ही पड़ेगा। आरोपी की गतिविधियों से क्षेत्र में भय और तनाव का माहौल बन गया था।

मामले की गंभीरता को देखते हुए बिलासपुर पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह (आईपीएस) को स्थिति से अवगत कराया गया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मधुलिका सिंह और नगर पुलिस अधीक्षक चकरभाठा नुपुर उपाध्याय के निर्देशन में विशेष टीम गठित कर आरोपी की तलाश शुरू की गई।

मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने सिरगिट्टी क्षेत्र में घेराबंदी कर सत्यप्रकाश उर्फ सत्या उर्फ प्रदीप घृतलहरे को गिरफ्तार किया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर अवैध उगाही और मारपीट करने की बात स्वीकार कर ली। पुलिस ने घटनास्थल से टेंट और कुर्सियां भी जब्त की हैं।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान सत्यप्रकाश उर्फ सत्या उर्फ प्रदीप घृतलहरे (44 वर्ष), निवासी ग्राम कनेरी, थाना चकरभाठा के रूप में हुई है। उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। आरोपी को 18 जून को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

पुलिस का कहना है कि मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है और जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार किया जाएगा। आरोपी की गिरफ्तारी के बाद आसपास के गांवों में शांति का माहौल है तथा लोगों ने पुलिस की कार्रवाई की सराहना की है।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी बिल्हा निरीक्षक तोपसिंह नवरंग, पीएसआई करन राज बघेल, आकाश बंजारे, प्रीति पैकरा, प्रधान आरक्षक अमर चंद्रा, अनिल बंजारे तथा आरक्षक अर्जुन जांगड़े और संतोष मरकाम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।