रेलवे के लाखों कर्मचारियों को मोदी सरकार दे सकती है बड़ा तोहफा, आज हो सकता है ऐलान

रेलवे के लाखों कर्मचारियों को मोदी कैबिनेट (Modi Cabinet) की तरफ से आज बड़ा तोहफा मिल सकता है। CNBC-TV18 की रिपोर्ट के मुताबिक आज मोदी कैबिनेट की तरफ से प्रोडक्टिविटी लिंक्ड बोनस (उत्पादकता आधारित बोनस) को मंजूरी मिल सकती है। त्योहारों के इस सीजन में रेलवे लाखों कर्मचारियों को इस बोनस का इंतजार है। बता दें, प्रोडक्टिविटी लिंक्ड बोनस (Productivity Linked Bonus) का फायदा नॉन-गजेटेड रेलवे कर्मचारियों (RPF/PRSF को छोड़कर) को मिलेगा। 

11.56 लाख कर्मचारियों को होगा इसका फायदा 

अगर आज निर्णय हुआ तो मोदी सरकार के इस फैसले का फायदा 11.56 लाख कर्मचारियों को मिलेगा। सरकार हर साल प्रोडक्टविटी लिंक्ड बोनस का ऐलान दशहरा या दुर्गा पूजा की छुट्टियों के दौरान करती आई है। ऐसे में उम्मीद जताई जा रही है कि कैबिनेट इस पर आज मंजूरी दे सकता है। 

पिछले साल कितने दिनों का मिला था बोनस? 

साल 2021 में यूनियन कैबिनेट ने वित्त वर्ष 2020-21 के लिए नॉन-गजेटेड रेलवे कर्मचारियों को 78 दिन का प्रोडक्टिविटी लिंक्ड बोनस मिला था। इस पर तब सरकार की तरफ से 1984.73 करोड़ रुपये खर्च हुए थे। बता दें, योग्य कर्मचारियों को 78 दिन का अधिकतम 17,951 रुपये का बोनस पिछले साल सरकार की तरफ से दिया गया था।  भारत सरकार में रेलवे पहला ऐसा मंत्रालय था जिसकी तरफ से प्रोडक्टिवटी लिंक्ड बोनस कर्मचारियों को दिया जा रहा है। सरकार की तरफ से इसकी शुरुआत 1979-80 में किया गया था। बता दें, हर तीन साल पर इसका रिव्यू किया जाता है।