समूह की महिलाओं ने अब तक तैयार किया 12 हजार तिरंगे

कोण्डागांव । आजादी के 75वीं वर्षगांठ पर कोण्डागांव जिले में स्व-सहायता समूहों की महिलाएं हमर तिरंगा अभियान के तहत राष्ट्रीय ध्वज तैयार करने में पूरी मेहनत एवं लगन के साथ जुटी हुई हैं। जिले के 23 महिलाएं स्व-सहायता समूहों की महिलाओं ने अब तक 12 हजार तिरंगा तैयार करने सहित 5 लाख 35 हजार रूपए के करीब 10 हजार राष्ट्रीय ध्वज विक्रय कर चुकी हैं।

कलेक्टर दीपक सोनी के मार्गदर्शन में जिले में आजादी का अमृत महोत्सव  मनाने हमर तिरंगा अभियान चलाया जा रहा है। जिसमें तिरंगा निर्माण के लिए जिले की सिलाई-कढ़ाई में प्रशिक्षित समूह की महिलाएं राष्ट्रीय ध्वज का निर्माण झंडा संहिता के अनुसार कर रही हैं। राष्ट्रीय ध्वज निर्माण के साथ ही उनका विक्रय भी किया जा रहा है। इस दिशा में स्थानीय सी-मार्ट सहित जिले के नगरीय निकायों के अंतर्गत काम्पलेक्स और जनपद पंचायतों तथा प्रमुख बसाहटांे में स्टॉल लगाकर राष्ट्रीय ध्वज का विक्रय किया जा रहा है। जिले के बड़ेराजपुर ब्लॉक में 1890, केशकाल में 1936, कोण्डागांव में 1945, मकड़ी में 1980 और फरसगांव में 2260 राष्ट्रीय ध्वज का विक्रय महिला समूहों द्वारा किया जा चुका है।

हमर तिरंगा अभियान में कार्यालयों, संस्थानों सहित हर घर में तिरंगा फहराने की अपील   कलेक्टर श्री दीपक सोनी ने आजादी के अमृत महोत्सव के तहत हमर तिरंगा अभियान में सभी कार्यालयों, संस्थानों, गौठानों सहित हर घर में राष्ट्रीय ध्वज को सम्मान के साथ फहराने की अपील जिले के नागरिकों से करते हुए आजादी के जश्न को भव्य और स्मरणीय बनाने का आग्रह किया है। उन्होंने झंडा संहिता के प्रावधानों का अनुपालन करते हुए ध्वजारोहण स्थल पर रात्रि में समुचित रोशनी की व्यवस्था किए जाने का आग्रह नागरिकों से किया है।

उल्लेखनीय है कि जिले में हमर तिरंगा अभियान के तहत हर घर में तिरंगा फहराने की दिशा में मनरेगा से जुड़े परिवारों सहित बिहान की महिला समूहों द्वारा व्यापक जनजागरूकता कार्यक्रम चलाया जा रहा है। इसके साथ ही स्कूली शिक्षक-शिक्षिकाओं तथा छात्र-छात्राओं और नेशनल केडेट कोर एवं स्काउट गाइड के कैडेटों द्वारा हर घर में राष्ट्रीय ध्वज फहराने के लिए जागरूकता रैली निकाली जा रही है।