‘संडेज ऑन साइकिल’ रैली से फिटनेस और पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश – vedantsamachar.in

‘संडेज ऑन साइकिल’ रैली से फिटनेस और पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश

कोरबा, 24 मई 2026 (वेदांत समाचार)। प्रधानमंत्री Narendra Modi के ‘फिट इंडिया’ अभियान और युवा मामले एवं खेल मंत्रालय के निर्देशों के तहत रविवार को केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) इकाई एसईसीएल बिलासपुर द्वारा गेवरा और दीपका क्षेत्र में संयुक्त रूप से ‘संडेज ऑन साइकिल’ रैली का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सीआईएसएफ अधिकारियों और जवानों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

साइकिल रैली का शुभारंभ सीआईएसएफ प्रशासनिक भवन, गेवरा से किया गया। उप कमांडेंट प्रवेश पाण्डेय और सहायक कमांडेंट सुमन सिंह ने हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया। रैली शक्ति नगर और ऊर्जा नगर मार्ग से होकर पुनः प्रशासनिक भवन गेवरा पहुंचकर सम्पन्न हुई।

उप कमांडेंट प्रवेश पाण्डेय ने कहा कि साइकिल चलाना स्वास्थ्य के लिए अत्यंत लाभकारी है। इससे शरीर स्वस्थ और फिट रहता है तथा नियमित व्यायाम की आदत विकसित होती है। वहीं सहायक कमांडेंट सुमन सिंह ने कहा कि दैनिक जीवन में साइकिल के उपयोग को बढ़ावा देने से न केवल स्वास्थ्य बेहतर रहेगा, बल्कि पर्यावरण संरक्षण में भी महत्वपूर्ण योगदान मिलेगा।

कार्यक्रम के दौरान बल सदस्यों में उत्साह और ऊर्जा का माहौल देखने को मिला। आयोजन का उद्देश्य लोगों में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना, फिटनेस को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाना तथा पर्यावरण अनुकूल जीवनशैली को प्रोत्साहित करना रहा।

सीआईएसएफ इकाई एसईसीएल बिलासपुर द्वारा आयोजित यह रैली ‘फिट इंडिया’ अभियान के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने की दिशा में एक सराहनीय पहल साबित हुई।