Vedant Samachar

Raigarh Crime : मोबाइल दुकान चोरी से बैंक लूट की साजिश तक का बड़ा खुलासा, 6 आरोपी गिरफ्तार, 26 लाख से अधिक की संपत्ति बरामद

Vedant samachar
3 Min Read

रायगढ़, 30 मार्च (वेदांत समाचार)। जिले में मोबाइल दुकान चोरी और बैंकों में लूट की साजिश रचने वाले एक संगठित गिरोह का पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। शशि मोहन सिंह के निर्देशन में की गई कार्रवाई में 5 आरोपियों और 1 विधि से संघर्षरत बालक सहित कुल 6 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों के कब्जे से दो चारपहिया वाहन, 60 मोबाइल फोन और अन्य सामान सहित करीब 26.47 लाख रुपये की संपत्ति बरामद की गई है।

मामले का खुलासा उस समय हुआ जब फरवरी माह में घरघोड़ा थाना क्षेत्र के कुडुमकेला स्थित एक मोबाइल दुकान में हुई बड़ी चोरी के बाद पुलिस लगातार आरोपियों की तलाश में जुटी थी। इसी दौरान 15-16 मार्च को धरमजयगढ़ के ग्रामीण बैंक और 16-17 मार्च की रात जूटमिल स्थित पंजाब नेशनल बैंक में चोरी व लूट के असफल प्रयास सामने आए। घटनाओं के एक जैसे पैटर्न को देखते हुए पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया और विशेष टीम गठित कर जांच शुरू की।

जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर की सूचना के आधार पर घरघोड़ा पुलिस को अहम सुराग मिला। संदेही मोहम्मद अरसलान को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसमें उसने अपने साथियों के साथ मिलकर मोबाइल दुकान में चोरी और बैंकों में लूट के प्रयास की बात कबूल की। इसके बाद पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर गिरोह के अन्य सदस्यों को भी गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस जांच में सामने आया कि गिरोह का सरगना अरसलान था, जिसने अपने हमउम्र युवकों का गैंग बनाकर योजनाबद्ध तरीके से वारदातों को अंजाम दिया। आरोपी पहले क्षेत्र में रेकी करते थे और सड़क किनारे स्थित दुकानों व बैंकों को निशाना बनाते थे। कुडुमकेला में मोबाइल दुकान का शटर तोड़कर उन्होंने मोबाइल, इलेक्ट्रॉनिक सामान और नगदी चोरी की थी, जिसे बाद में जंगल में छिपाकर बेचने की योजना थी।

इसके बाद आरोपियों ने धरमजयगढ़ के ग्रामीण बैंक और जूटमिल स्थित पंजाब नेशनल बैंक में भी लूट की कोशिश की, लेकिन वे सफल नहीं हो सके। वारदात के दौरान सबूत मिटाने के लिए आरोपियों ने बैंक के सीसीटीवी सिस्टम तक उखाड़ लिए थे, फिर भी पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पूरे गिरोह का पर्दाफाश कर दिया।

मामले में पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में अपराध दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है। अन्य थानों में दर्ज मामलों में भी आरोपियों के खिलाफ अलग से कार्रवाई की जाएगी।

इस पूरे ऑपरेशन में घरघोड़ा थाना प्रभारी निरीक्षक कुमार गौरव साहू, पुलिस टीम और साइबर सेल की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि पुलिस ने पेशेवर तरीके से संगठित गिरोह का भंडाफोड़ किया है और व्यवसायिक प्रतिष्ठानों व बैंकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। ऐसे संगठित अपराधों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Share This Article