Vedant Samachar

ब्रेकिंग न्यूज:कोरबा में सजेगा ‘दिव्य दरबार’: धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री आज करेंगे आगमन, हनुमंत कथा का भव्य शुभारंभ

Vedant Samachar
2 Min Read

कोरबा, 28 मार्च 2026। कोरबा जिले में आज से भक्ति और आस्था का विराट संगम देखने को मिलेगा। सुप्रसिद्ध कथावाचक एवं बागेश्वर धाम सरकार के पीठाधीश्वर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के सान्निध्य में ढपढप क्षेत्र में भव्य हनुमंत कथा का शुभारंभ हो रहा है। आयोजन स्थल पर ‘दिव्य दरबार’ सजने को तैयार है, जिसे लेकर श्रद्धालुओं में भारी उत्साह देखा जा रहा है।

यह पांच दिवसीय धार्मिक आयोजन 28 मार्च से 1 अप्रैल 2026 तक चलेगा, जिसमें प्रतिदिन हजारों श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है। आयोजन स्थल पर महाकुंभ जैसा दृश्य देखने को मिल रहा है।

कार्यक्रम की शुरुआत ऐतिहासिक रही, जहां 21,000 महिलाओं की भव्य कलश यात्रा ने नया कीर्तिमान स्थापित किया। शहर में भक्ति की गंगा बह रही है और हर ओर धार्मिक माहौल बना हुआ है।

शास्त्री जी का आगमन आज ही प्रस्तावित है, जिसके लिए श्रद्धालु बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। उनके ‘दिव्य दरबार’ में बड़ी संख्या में लोग अपनी समस्याओं के समाधान की आस लेकर पहुंचते हैं।

सुरक्षा के मद्देनजर प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। आयोजन स्थल और आसपास के क्षेत्रों में चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल तैनात किया गया है। यातायात और भीड़ प्रबंधन के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं।

श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए विशाल जर्मन हैंगर पंडाल तैयार किया गया है, जिसमें पेयजल, बैठने और वीआईपी व्यवस्था सहित सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।

यह आयोजन न केवल धार्मिक दृष्टि से महत्वपूर्ण है, बल्कि कोरबा के लिए एक बड़े सांस्कृतिक और सामाजिक आयोजन के रूप में भी देखा जा रहा है।

Share This Article