जांजगीर-चांपा,28 मार्च 2026। जिले के नवागढ़ थाना क्षेत्र में नाबालिग बालिका के अपहरण के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी सहित दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। अपहृत बालिका को सुरक्षित रूप से ऋषिकेश से बरामद किया गया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 6 मार्च 2026 की दरमियानी रात एक नाबालिग बालिका को अज्ञात व्यक्ति द्वारा बहला-फुसलाकर अपहरण कर ले जाने की सूचना पर थाना नवागढ़ में अपराध क्रमांक 90/2026, धारा 137(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने लगातार पतासाजी कर कार्रवाई की। जांच के दौरान बालिका को आरोपी नकुल कश्यप (27 वर्ष), निवासी झूलन, थाना पामगढ़ के कब्जे से ऋषिकेश से बरामद किया गया। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया, जिसके बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
इस मामले में अपहरण में सहयोग करने वाली एक युवती को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक मणिकांत पांडे, प्रधान आरक्षक प्रेमलाल दिवाकर एवं नवागढ़ थाना स्टाफ का सराहनीय योगदान रहा।
