रायपुर, 26 मार्च (वेदांत समाचार)। राजधानी में निर्बाध और गुणवत्तापूर्ण बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने की दिशा में एक अहम कदम उठाते हुए छत्तीसगढ़ स्टेट पावर कंपनीज़ ने मेटल पार्क सिलतरा में 132/33 केवी के नए उपकेंद्र को ऊर्जीकृत कर दिया है। इस उपकेंद्र का शुभारंभ ट्रांसमिशन कंपनी के प्रबंध निदेशक राजेश कुमार शुक्ला ने बटन दबाकर किया।
करीब 126 एमवीए क्षमता वाले इस उपकेंद्र के शुरू होने से उरला-सिलतरा औद्योगिक क्षेत्र सहित राजधानी के घरेलू उपभोक्ताओं को बेहतर और स्थिर विद्युत आपूर्ति मिल सकेगी। परियोजना के तहत 63-63 एमवीए के दो पावर ट्रांसफार्मर स्थापित किए गए हैं, जिसकी अनुमानित लागत लगभग 28 करोड़ रुपये बताई गई है।
इस अवसर पर प्रबंध निदेशक श्री शुक्ला ने बताया कि विष्णुदेव साय और कंपनी के अध्यक्ष सुबोध कुमार सिंह के मार्गदर्शन में प्रदेश में पारेषण नेटवर्क को मजबूत बनाने के लिए योजनाबद्ध तरीके से कार्य किया जा रहा है। राजधानी में बढ़ती बिजली मांग को ध्यान में रखते हुए लगातार पंजीगत निवेश किए जा रहे हैं।
नए उपकेंद्र से 33 केवी के आठ फीडरों के माध्यम से ट्रांसपोर्ट नगर, कैलाश नगर, रावांभाटा, बंजारी मंदिर क्षेत्र, अकबर बाड़ी, बिलासपुर रोड धनेली-निमोरा-अछोली, मेटल पार्क, बीरगांव तालाब क्षेत्र और ऊरकुरा सहित आसपास के औद्योगिक एवं आवासीय क्षेत्रों को विद्युत आपूर्ति मिलेगी।
इस मौके पर कंपनी के वरिष्ठ अधिकारी और कर्मचारी भी उपस्थित रहे। इस नई सुविधा से न केवल उपभोक्ताओं को बेहतर बिजली मिलेगी, बल्कि औद्योगिक विकास को भी नई गति मिलने की उम्मीद है।
