Vedant Samachar

किराया विवाद में प्राणघातक हमला, आरोपी गिरफ्तार — पूंजीपथरा पुलिस की त्वरित कार्रवाई

Vedant Samachar
3 Min Read

रायगढ़, 26 मार्च (वेदांत समाचार)। मकान किराया विवाद को लेकर हुए प्राणघातक हमले के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। घटना पूंजीपथरा थाना क्षेत्र के रंजीत कॉलोनी की है, जहां प्लांट कर्मियों के बीच किराए को लेकर विवाद हिंसक हो गया।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 23 मार्च 2026 को प्लांटकर्मियों के बीच किराया नहीं देने को लेकर विवाद हुआ। इस दौरान आरोपी बंशीधर चौहान ने प्लांटकर्मी चन्द्रभान प्रसाद पर लकड़ी के डंडे से हमला कर दिया। हमले में चन्द्रभान को सिर, माथा, गाल, हाथ और पसली में गंभीर चोटें आईं, जिससे वह बेहोश हो गया। घायल को तत्काल उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज रायगढ़ में भर्ती कराया गया।

घटना की सूचना मिलते ही पूंजीपथरा पुलिस मौके पर पहुंची और अस्पताल में घायल का बयान दर्ज किया। पीड़ित चन्द्रभान प्रसाद (30 वर्ष), जो मूलतः उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले का निवासी है, वर्तमान में पूंजीपथरा स्थित बीए पावर प्लांट में मैकेनिकल फिटर के रूप में कार्यरत है और कॉलोनी में किराया वसूली का काम भी देखता है।

पीड़ित के अनुसार आरोपी बंशीधर चौहान कई दिनों से किराया नहीं दे रहा था। 23 मार्च को किराया मांगने पर वह भड़क गया और जान से मारने की धमकी देते हुए लकड़ी के डंडे से लगातार हमला कर दिया।

प्रार्थी की रिपोर्ट पर 24 मार्च 2026 को थाना पूंजीपथरा में अपराध क्रमांक 47/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 109(1) के अंतर्गत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी बंशीधर चौहान (35 वर्ष), निवासी कोटिया थाना नारायणपुर जिला जशपुर, हाल मुकाम रंजीत कॉलोनी पूंजीपथरा को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक रामकिंकर यादव और उनकी टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने सख्त संदेश देते हुए कहा कि आपसी विवाद को हिंसा में बदलने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी और कानून हाथ में लेने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।

Share This Article