Vedant Samachar

सफलता की कहानी : ड्रिप सिंचाई से बदली सोनगरा के किसानों की तस्वीर

Vedant Samachar
2 Min Read

सूरजपुर, 26 मार्च (वेदांत समाचार) । सूरजपुर जिले के आकांक्षी विकासखंड प्रतापपुर अंतर्गत ग्राम पंचायत सोनगरा में कृषि के क्षेत्र में एक सकारात्मक बदलाव देखने को मिल रहा है। कलेक्टर एस. जयवर्धन के निर्देशानुसार एवं डिप्टी डायरेक्टर एग्रीकल्चर के मार्गदर्शन में जिला खनिज न्यास (डीएमएफ) मद से लघु एवं सीमांत आदिवासी कृषकों के खेतों में ड्रिप सिंचाई पद्धति स्थापित की जा रही है। इस योजना के तहत कृषकों को प्रति एकड़ 90 प्रतिशत सब्सिडी प्रदान की जा रही है, जिससे उन्हें आधुनिक सिंचाई तकनीक अपनाने में बड़ी सहायता मिल रही है।

पहले जहां किसान परंपरागत तरीकों से केवल धान की खेती पर निर्भर थे, वहीं अब ड्रिप सिंचाई के माध्यम से पानी की बचत के साथ-साथ अन्य फसलों की खेती के प्रति उनका रुझान बढ़ा है। इस तकनीक से न केवल सिंचाई अधिक प्रभावी हुई है, बल्कि फसल की गुणवत्ता और उत्पादन में भी सुधार देखने को मिल रहा है।

ग्राम सोनगरा के किसानों ने इस पहल के लिए जिला प्रशासन सूरजपुर के प्रति आभार व्यक्त किया है। उनका कहना है कि इस योजना ने उनकी खेती को अधिक लाभकारी बना दिया है और अब वे सब्जी, फल एवं अन्य नगदी फसलों की खेती की ओर भी अग्रसर हो रहे हैं।

यह पहल न केवल किसानों की आय बढ़ाने में सहायक सिद्ध हो रही है, बल्कि क्षेत्र में कृषि के आधुनिककरण की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण कदम है। निश्चित रूप से, ड्रिप सिंचाई जैसी योजनाएं ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने में मील का पत्थर साबित हो रही हैं।

Share This Article